जिम्बाब्वे ने रचा इतिहास, बांग्लादेश को पारी और 85 रन से हराकर दर्ज की सबसे बड़ी टेस्ट जीत

 


हरारे, 30 जून (हि.स.)। जिम्बाब्वे ने हरारे में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में बांग्लादेश को पारी और 85 रन से हराकर इतिहास रच दिया। यह टेस्ट क्रिकेट में जीत के अंतर के लिहाज से जिम्बाब्वे की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। मेजबान टीम ने मुकाबला तीसरे दिन दूसरे सत्र में ही समाप्त कर दिया।

जिम्बाब्वे की जीत के नायक तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा और न्यूमैन न्यामहुरी रहे। तीनों गेंदबाजों ने मिलकर मैच में कुल 17 विकेट झटके और बांग्लादेश की बल्लेबाजी को दोनों पारियों में पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

पहली पारी में 140 पर सिमटा बांग्लादेश

मैच के पहले दिन जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को पहली पारी में केवल 140 रन पर समेट दिया। न्यूमैन न्यामहुरी ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 4/61 विकेट लिए, जबकि ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्रैड इवांस ने दो-दो विकेट हासिल किए।

इनोसेंट काइया के शतक से जिम्बाब्वे ने बनाया 410 रन

इसके जवाब में जिम्बाब्वे ने सामूहिक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। इनोसेंट काइया ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ते हुए 140 रन बनाए। उनके अलावा क्रेग एर्विन (60) और वेस्ली मधेवेरे ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे जिम्बाब्वे ने 410 रन बनाकर 270 रन की विशाल बढ़त हासिल की।

हालांकि, बांग्लादेश के स्पिनर तैजुल इस्लाम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7/138 विकेट लिए और टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 5 विकेट लेने के मामले में शाकिब अल हसन (19 बार) की बराबरी कर ली।

दूसरी पारी में भी नहीं चला बांग्लादेश का बल्लेबाजी क्रम

230 रन पीछे से तीसरे दिन बल्लेबाजी शुरू करने उतरी बांग्लादेशी टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। ब्लेसिंग मुजरबानी ने अतिरिक्त उछाल का फायदा उठाते हुए महमूदुल हसन जॉय और मोमिनुल हक को जल्दी आउट कर दिया। इसके बाद कप्तान नजमुल हुसैन शांतो और मुशफिकुर रहीम ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन दोनों बड़ी पारी नहीं खेल सके। मुशफिकुर ने टीम की ओर से सर्वाधिक 34 रन बनाए।

मध्यक्रम के बल्लेबाज भी जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। पदार्पण कर रहे अमित हसन और तैजुल इस्लाम ने कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन साझेदारी टूटते ही बांग्लादेश की पारी तेजी से बिखर गई। अंत में बांग्लादेश की दूसरी पारी 185 रन पर सिमट गई और जिम्बाब्वे ने पारी और 85 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली।

मुजरबानी ने दूसरी पारी में 4 विकेट, जबकि रिचर्ड नगारवा ने 3 विकेट हासिल किए।

संक्षिप्त स्कोर

बांग्लादेश: 140 और 185

(मुशफिकुर रहीम 34; ब्लेसिंग मुजरबानी 4/65, रिचर्ड नगारवा 3/32)

जिम्बाब्वे: 410

(इनोसेंट काइया 140, क्रेग एर्विन 60, वेस्ली मधेवेरे नाबाद; तैजुल इस्लाम 7/138)

परिणाम: जिम्बाब्वे ने पारी और 85 रन से जीत दर्ज की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे