विराट कोहली अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर; यशस्वी जायसवाल को मिला मौका

 


मुंबई, 06 जून (हि.स.)। भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली आगामी तीन मैचों की अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) में को खिताब दिलाने वाले अभियान के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी।

उनकी जगह टीम में यशस्वी जायसवाल को शामिल किया गया है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा, “बीसीसीआई के मानद सचिव देवजीत सैकिया ने जानकारी दी है कि भारत बनाम अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए चोटिल विराट कोहली की जगह यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है।”

अफगानिस्तान के खिलाफ यह वनडे सीरीज तीन मैचों की होगी और इसकी शुरुआत 13 जून से होगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच न्यू चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा।

विराट कोहली अब भारत के लिए केवल वनडे क्रिकेट खेलते हैं। वे पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। उनका पिछला वनडे मैच जनवरी में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में था।

आईपीएल 2026 में कोहली शानदार फॉर्म में रहे। उन्होंने 16 पारियों में 675 रन बनाए, औसत 56.25 और स्ट्राइक रेट 165.84 रही। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए तथा उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 105 रन रहा।

वहीं, यशस्वी जायसवाल ने फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे पदार्पण किया था। अब तक 4 वनडे मैच खेले हैं। दिसंबर 2025 में विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने नाबाद 116 रन बनाकर अपना पहला वनडे शतक लगाया था।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे