यूएसपीएल का चौथा सीजन 20 नवंबर से, फ्लोरिडा करेगा मेजबानी

 


फ्लोरिडा, 14 अप्रैल (हि.स.)।यूनाइटेड स्टेट्स प्रीमियर लीग (यूएसपीएल) का चौथा सीजन एक बार फिर धमाकेदार अंदाज में वापसी के लिए तैयार है। यह टूर्नामेंट 20 नवंबर से 5 दिसंबर 2026 तक फ्लोरिडा के प्रतिष्ठित ब्रॉवर्ड काउंटी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

लीग प्रबंधन ने इस सीजन में दो नई फ्रेंचाइजी जोड़ने की भी योजना बनाई है, जिससे प्रतियोगिता और अधिक रोमांचक हो जाएगी।

यूएसपीएल के संस्थापक और चेयरमैन जयदीप सिंह ने लीग की वापसी पर कहा, “यूएसपीएल अपने चौथे सीजन के साथ विस्तार के अगले चरण में प्रवेश कर रहा है। इस वर्ष हम दर्शकों को आकर्षित करने के लिए मनोरंजन के नए आयाम जोड़ेंगे। कई नई साझेदारियां और बड़े ऐलान जल्द किए जाएंगे। हमें खिलाड़ियों और क्रिकेट समुदाय से जबरदस्त समर्थन मिला है और हम आगे भी उभरते प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने का मंच देते रहेंगे। यह सीजन क्रिकेट के त्योहार जैसा होगा, जिसमें दुनियाभर के बड़े नाम और अमेरिका के बेहतरीन खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।”

सीजन 3 की शानदार सफलता के बाद बढ़ी उम्मीदें

यूएसपीएल सीजन 4, पिछले सीजन की जबरदस्त सफलता के बाद आयोजित हो रहा है। सीजन 3 में न्यूयॉर्क काउबॉयज ने फाइनल में मैरीलैंड मैवरिक्स को 7 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था। यह मुकाबला भी ब्रॉवर्ड काउंटी स्टेडियम में ही खेला गया था।

पिछले सीजन में कई अंतरराष्ट्रीय और अमेरिकी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिनमें से कई ने भारत और श्रीलंका में आयोजित आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में भी अमेरिका का प्रतिनिधित्व किया।

अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल और तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर ने लीग के प्रदर्शन को विश्व कप तक जारी रखा, जबकि ऑलराउंडर शैडली वैन शाल्कविक ने भी अपनी छाप छोड़ी। इसके अलावा आरोन जोन्स और भारत के पूर्व अंडर-19 विश्व कप विजेता कप्तान उन्मुक्त चंद ने भी टूर्नामेंट का स्तर ऊंचा किया।

न्यूयॉर्क काउबॉयज के कप्तान जेक लिंटॉट सीजन 3 के सबसे बड़े हीरो साबित हुए, जिन्होंने फाइनल में मैच जिताऊ प्रदर्शन कर टीम को चैंपियन बनाया।

क्रिकेट के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम

नए टीमों के जुड़ने, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भागीदारी और संस्थागत समर्थन के साथ यूएसपीएल सीजन 4 हाई-वोल्टेज टी20 क्रिकेट का वादा करता है। यह लीग अमेरिका में क्रिकेट को मुख्यधारा का खेल बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे