यूपीसीए स्पीड हंट से उत्तर प्रदेश में छिपी तेज गेंदबाजी प्रतिभाओं को मिल रहा बड़ा मंच : भुवनेश्वर कुमार
लखनऊ, 28 जुलाई (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम और लखनऊ फाल्कन्स के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने यूपीसीए स्पीड हंट पहल की जमकर सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से उभर रही तेज गेंदबाजी प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।
भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि पिछले तीन सत्रों में यूपीटी-20 लीग ने शानदार सफलता हासिल की है और आने वाले वर्षों में इसका प्रभाव और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि स्पीड हंट की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि इसने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से कच्ची लेकिन प्रतिभाशाली तेज गेंदबाजी क्षमता को सामने लाया है। उन्होंने शुभम गौतम जैसे खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि बड़े अनुबंध हासिल करना इस बात का प्रमाण है कि अच्छा प्रदर्शन करने वालों के लिए अवसरों की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि संघ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतरीन मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश देते हुए कहा कि मैदान पर उतरने के बाद हर अवसर का पूरा लाभ उठाना और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना उनकी जिम्मेदारी है।
भुवनेश्वर ने कहा कि यूपीटी-20 लीग के माध्यम से युवा क्रिकेटरों को आर्थिक मजबूती भी मिल रही है, लेकिन इसके साथ अपेक्षाएं भी बढ़ती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को सलाह दी कि सफलता का आनंद लें, लेकिन दबाव से दूर रहकर अपने खेल पर पूरा ध्यान केंद्रित करें।
अनुभवी तेज गेंदबाज ने कहा कि यूपीटी-20 जैसी राज्य स्तरीय लीग अब युवा खिलाड़ियों के लिए आईपीएल तक पहुंचने का महत्वपूर्ण रास्ता बन चुकी हैं। पहले खिलाड़ियों के पास अवसर सीमित थे, लेकिन अब सैकड़ों क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कई खिलाड़ी यूपीटी-20 से सीधे आईपीएल तक पहुंचे हैं, जो नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।
भुवनेश्वर कुमार ने इस बार टूर्नामेंट का आयोजन लखनऊ और कानपुर जैसे दो शहरों में कराने के फैसले का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में अलग-अलग शहरों में मैच आयोजित होने से अधिक से अधिक प्रशंसकों को अपनी टीमों से जुड़ने का अवसर मिलेगा और टूर्नामेंट की लोकप्रियता भी बढ़ेगी।
यूपीटी-20 लीग का चौथा संस्करण 14 अगस्त से शुरू होगा। उद्घाटन समारोह और पहला चरण भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में खेला जाएगा, जबकि दूसरा चरण, प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर में आयोजित होंगे। 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 34 मैच खेले जाएंगे, जिसमें 13 डबल-हेडर और 8 सिंगल-हेडर मुकाबले शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे