टी20 विश्व कप सुपर 8: जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत की लय बरकरार रखने उतरेगा दक्षिण अफ्रीका
नई दिल्ली, 28 फ़रवरी (हि.स.)।
आईसीसी टी 20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका ने अब तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है। टीम ने लगातार छह मुकाबले जीतकर टूर्नामेंट में अपनी दबदबा कायम रखा है और वह एकमात्र अपराजित टीम है। ग्रुप चरण में अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबला जरूर रोमांचक रहा, जहां नतीजा दूसरे सुपर ओवर से निकला, लेकिन अन्य सभी जीत में टीम का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है।
सुपर 8 मुकाबले में रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका का सामना पड़ोसी जिम्बाब्वे से होगा। सेमीफाइनल करीब होने के कारण कप्तान एडेन मार्करम की अगुवाई वाली टीम किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतना चाहेगी।
दक्षिण अफ्रीका की सबसे बड़ी ताकत उसकी संतुलित टीम रही है। बल्लेबाजी में एडेन मार्करम, क्विंटन डी कॉक, रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स ने अलग-अलग मौकों पर अहम योगदान दिया है। गेंदबाजी में भी लुंगी एनगिडी ने अपनी धीमी गेंदों के मिश्रण से खास प्रभाव छोड़ा है, जबकि पूरी गेंदबाजी इकाई ने सामूहिक रूप से शानदार प्रदर्शन किया है।
दक्षिण अफ्रीका ने अब तक अपने सभी मुकाबले अहमदाबाद और दिल्ली में खेले हैं, जिससे उसे परिस्थितियों की अच्छी समझ मिल गई है।
वहीं जिम्बाब्वे ने श्रीलंका की अपेक्षाकृत धीमी पिचों से भारत की बल्लेबाजी के अनुकूल पिचों तक सफर किया है। श्रीलंका में ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराने के बावजूद सुपर-8 चरण में शीर्ष टीमों के खिलाफ जिम्बाब्वे को संघर्ष करना पड़ा है। मुंबई में वेस्टइंडीज ने उसके खिलाफ 254 रन बनाए, जबकि चेन्नई में भारत ने 256 रन ठोक दिए।
अब जिम्बाब्वे के पास एक और मौका है कि वह बड़े मुकाबले में खुद को साबित कर सके।
टीमें इस प्रकार हैं:
दक्षिण अफ्रीका: एडेन मार्करम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डी कॉक, मार्को यानसन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्त्जे, कगिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन, जेसन स्मिथ, ट्रिस्टन स्टब्स।
जिम्बाब्वे: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ग्रीम क्रेमर, ब्रैडली इवांस, क्लाइव मादांडे, टिनोटेंडा मापोसा, तादिवानाशे मरुमानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, टोनी मुन्योंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डियोन मायर्स, रिचर्ड नगारावा, बेन करन।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे