टी-20 विश्व कप फाइनल से पहले समापन समारोह में प्रस्तुति देंगे रिकी मार्टिन

 


नई दिल्ली, 06 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय पॉप सुपरस्टार रिकी मार्टिन रविवार को आईसीसी टी-20 विश्व कप के समापन समारोह में प्रस्तुति देंगे। यह समारोह भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले से पहले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।

रिकी मार्टिन का विशेष लाइव परफॉर्मेंस भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे से शुरू होगा।

अपनी दमदार आवाज, शानदार मंच प्रस्तुति और लोकप्रिय लैटिन पॉप गीतों के लिए मशहूर रिकी मार्टिन का यह शो फाइनल मुकाबले से पहले दर्शकों के लिए एक यादगार संगीत अनुभव बनने की उम्मीद है। संगीत समारोह के बाद ध्यान फाइनल मुकाबले पर केंद्रित होगा, जिसमें भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी भिड़ंत शाम 7:00 बजे से शुरू होगी।

भारत ने गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। टी-20 विश्व कप के इतिहास में यह चौथी बार है जब भारत फाइनल में पहुंचा है, जो किसी भी टीम के लिए सबसे ज्यादा है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “#T20WorldCup का जश्न और बड़ा हो गया है। हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि ग्लोबल आइकन और सुपरस्टार रिकी मार्टिन टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले होने वाले समापन समारोह के मुख्य कलाकार होंगे। स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे खुलेंगे और प्रस्तुतियाँ शाम 5:30 बजे से शुरू होंगी।”

न्यूजीलैंड ने बुधवार को कोलकाता के ईडन गार्डेन में खेले गए सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

रविवार को होने वाले इस फाइनल में भारत के सामने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल करने का मौका होगा। टीम भारत टी-20 विश्व कप जीतने वाली पहली मेजबान टीम बनने, खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली पहली टीम बनने और तीसरी बार टी-20 विश्व कप खिताब जीतने वाली पहली टीम बनने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे