आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में बुमराह को पछाड़कर पहली बार नंबर-1 बने तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क

 




नई दिल्ली, 26 अगस्त (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने आईसीसी पुरुष टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में पहली बार शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। बांग्लादेश के खिलाफ मैके टेस्ट में 10 विकेट लेने के बाद स्टार्क ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ दिया।

स्टार्क ने दूसरे टेस्ट में पहली पारी में छह विकेट और दूसरी पारी में चार विकेट लिए थे, जिसकी बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पारी और 51 रन से जीत दर्ज की थी। उन्हें मैच और सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। स्टार्क के अब बुमराह से 10 रेटिंग अंक अधिक हैं।

बुमराह की नंबर-1 पर हालिया बादशाहत दो महीने तक रही। हालांकि, वह कुल 697 दिन टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर रह चुके हैं, जो किसी भारतीय गेंदबाज के लिए सर्वाधिक और विश्व क्रिकेट में 14वां सबसे लंबा समय है।

इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन को भी शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला। पाकिस्तान के खिलाफ लीड्स टेस्ट में आठ विकेट लेने वाले रॉबिन्सन 15 स्थान की छलांग लगाकर 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं जोश टंग ने 16 स्थान की छलांग लगाकर 17वां स्थान हासिल किया है।

श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले भारत के बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार 28 स्थान ऊपर चढ़कर करियर के सर्वश्रेष्ठ 48वें स्थान पर पहुंच गए हैं। श्रीलंका के असिथा फर्नांडो और प्रभात जयसूर्या भी क्रमश: 15वें और 16वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

ऑस्ट्रेलिया के नाथन लियोन 10वें, पाकिस्तान के अली उस्मान 67वें, इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर संयुक्त रूप से 38वें, भारत के प्रसिद्ध कृष्णा 53वें और बांग्लादेश के शोरिफुल इस्लाम 57वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

ब्रुक की बढ़त मजबूत

टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के हैरी ब्रुक ने शीर्ष स्थान पर अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है। ब्रुक अब दूसरे स्थान पर मौजूद जो रूट से 24 रेटिंग अंक आगे हैं। ब्रुक ने पाकिस्तान के खिलाफ 90 रन, जबकि रूट ने 66 रन बनाए थे।

भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत एक साल बाद फिर शीर्ष-10 में लौट आए हैं। श्रीलंका के खिलाफ 39 और 66 रन की पारियों के बाद वह छह स्थान की छलांग लगाकर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं।

ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन 21वें, श्रीलंका के धनंजय डी सिल्वा 22वें और सोनल दिनूषा 49 स्थान की छलांग लगाकर 54वें स्थान पर पहुंच गए हैं। पाकिस्तान के अब्दुल्ला शफीक संयुक्त रूप से 27वें, भारत के केएल राहुल 30वें और देवदत्त पडिक्कल 59वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे