हशन तिलकरत्ने बने श्रीलंकाई पुरुष क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच
कोलंबो, 21 अगस्त (हि.स.)। श्रीलंका क्रिकेट ने पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज हशन तिलकरत्ने को सीनियर पुरुष टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी और 31 दिसंबर, 2027 तक जारी रहेगी।
59 वर्षीय तिलकरत्ने राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों के साथ श्रीलंका क्रिकेट के राष्ट्रीय उच्च प्रदर्शन केंद्र में काम करेंगे। उन्हें कोचिंग का लंबा अनुभव है। वह इससे पहले श्रीलंका की पुरुष राष्ट्रीय टीम के बल्लेबाजी कोच और महिला टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह बांग्लादेश महिला राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच भी रह चुके हैं।
1996 में विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहे
तिलकरत्ने का बतौर खिलाड़ी श्रीलंका के लिए शानदार करियर रहा। उन्होंने 83 टेस्ट और 200 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में कुल 8200 से अधिक रन बनाए। वह 1996 में विश्व कप जीतने वाली श्रीलंकाई टीम के भी सदस्य थे। श्रीलंका क्रिकेट को उम्मीद है कि तिलकरत्ने का अंतरराष्ट्रीय अनुभव और कोचिंग विशेषज्ञता टीम के बल्लेबाजों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे