अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शपूर जदरान का लंबी बीमारी के बाद निधन
नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शपूर ज़दरान का मंगलवार को 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से हेमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस नामक दुर्लभ प्रतिरक्षा तंत्र संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। पिछले कुछ महीनों से उनका इलाज दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के एक अस्पताल में चल रहा था।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर उनके निधन की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। बोर्ड ने अपने बयान में कहा,
शपूर ज़दरान अफगानिस्तान क्रिकेट की नींव रखने वाले खिलाड़ियों में से एक थे। उनकी मेहनत, जुनून और समर्पण ने देश में क्रिकेट के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह उन खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्होंने अफगानिस्तान क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का रास्ता तैयार किया।
बोर्ड ने आगे कहा, मैदान पर उपलब्धियों के अलावा शपूर ज़दरान युवा अफगान क्रिकेटरों और दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए प्रेरणा थे। उनका जुझारूपन, संघर्ष और खेल के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और अफगानिस्तान क्रिकेट के भविष्य पर विश्वास करने की प्रेरणा देता रहेगा।
शपूर ज़दरान के निधन से अफगानिस्तान क्रिकेट ने अपने शुरुआती दौर के एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी को खो दिया है। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। शपूर ज़दरान ने 2009 से 2020 के बीच लगभग एक दशक तक अफगानिस्तान का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने 44 एकदिवसीय मैचों में 43 विकेट और 36 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 37 विकेट अपने नाम किए। वह वर्ष 2015 के एकदिवसीय विश्व कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ अफगानिस्तान की ऐतिहासिक जीत के भी नायक रहे थे। उस मुकाबले में उन्होंने विजयी रन बनाकर अफगानिस्तान को विश्व कप इतिहास की पहली जीत दिलाई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे