सचिवालय सुपर लीग में माइटीज और सचिवालय ए की शानदार जीत
देहरादून, 06 अप्रैल (हि.स.)। सचिवालय सुपर लीग में आज खेले गए मुकाबलों में सचिवालय माइटीज और सचिवालय ए ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीत लिए।
दिन का पहला मुकाबला सचिवालय माइटीज और सचिवालय ईगल्स के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सचिवालय ईगल्स ने 130 रन बनाए, जिसमें भूपेंद्र बिष्ट ने सर्वाधिक 34 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में अरविंद दानू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सचिवालय माइटीज की टीम ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के लिए यश ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। वहीं, ईगल्स की ओर से तेजपाल और अंकित को 1-1 विकेट मिला। शानदार गेंदबाजी के लिए अरविंद दानू को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
दिन का दूसरा मुकाबला सचिवालय ए और सचिवालय स्पार्टन के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सचिवालय स्पार्टन ने 120 रन बनाए। टीम के लिए सचिन ने 33 और अमन ने 28 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। गेंदबाजी में राहुल जेटली और टिकराज ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सचिवालय ए ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 13.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से जीत दर्ज की। टीम के लिए टी एच खान ने सर्वाधिक 43 रन बनाए। स्पार्टन की ओर से अंकुश और सौरव को 1-1 विकेट मिला। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए टी एच खान को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
टूर्नामेंट में दोनों विजेता टीमों ने संतुलित खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे