सचिवालय सुपर लीग में बुल्स और पैंथर ने शानदार प्रदर्शन करके फाइनल में बनाई जगह
देहरादून, 15 अप्रैल (हि.स.)। सचिवालय सुपर लीग में आज खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जहां बुल्स और पैंथर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। अब फाइनल मुकाबले में दोनों टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी।
पहले सेमीफाइनल में सचिवालय डेंजर का सामना बुल्स से हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डेंजर ने निर्धारित 20 ओवर में 136 रन बनाए। टीम के लिए वीरेंद्र रावत ने 44 और नूर ने 43 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। बुल्स की ओर से धरम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुल्स की टीम ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। नरेंद्र ने 53 रन और महेश ने 32 रन की उपयोगी पारियां खेलीं, जिसकी बदौलत टीम ने 19वें ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। डेंजर की ओर से फाजिल ने 3 विकेट लिए। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए धरम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे सेमीफाइनल में पैंथर और सचिवालय ‘ए’ के बीच मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पैंथर ने 8 विकेट खोकर 198 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए प्रमोद नेगी ने 88 रन और अजीत ने 63 रन की शानदार पारियां खेलीं। सचिवालय ‘ए’ की ओर से सागर कुमार ने 4 विकेट हासिल किए।
जवाब में सचिवालय ‘ए’ की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 120 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम के लिए आशुतोष विमल ने सर्वाधिक 45 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। पैंथर की ओर से सौरभ उनियाल ने 3 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस तरह पैंथर ने यह मुकाबला 78 रन से जीतकर फाइनल में जगह बनाई। प्रमोद नेगी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे