स्वामी दयानंद सरस्वती टी-20 टूर्नामेंट: पीजीडीएवी ब्लू की शानदार शुरुआत, उद्घाटन मैच में 32 रनों से दर्ज की जीत
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। तीसरे स्वामी दयानंद सरस्वती डे-नाइट टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में पीजीडीएवी ब्लू ने कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज़ को 32 रनों से हराकर जीत के साथ अभियान की शुरुआत की। यह मुकाबला सोमवार को पीजीडीएवी कॉलेज मैदान पर खेला गया।
इस टूर्नामेंट का आयोजन पीजीडीएवी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान विभाग द्वारा किया जा रहा है।
टूर्नामेंट का उद्घाटन दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों के अधिष्ठाता प्रोफेसर बलराम पाणि ने किया। उन्होंने विभिन्न कॉलेजों से आए छात्रों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने पीजीडीएवी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर दरविंदर कुमार, डॉ. पवन डबास और डॉ. मुकेश कुमार को खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर डीडीसीए सदस्य प्रमोद जैन और दिल्ली सॉकर संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीश मल्होत्रा को भी सम्मानित किया गया।
पीजीडीएवी ब्लू की मजबूत बल्लेबाजी
पहले बल्लेबाजी करते हुए पीजीडीएवी ब्लू ने 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए। टीम की ओर से मनदीप ने 52 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अनुज ने 37 और नासा ने 32 रन जोड़े। विपक्षी टीम की ओर से जैनुम शाह ने 3 विकेट लिए, जबकि आरित और दीपांश ने 2-2 विकेट हासिल किए।
203 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज़ की टीम 19.3 ओवरों में 170 रनों पर सिमट गई। ऋषि आर्यन ने 63 रनों की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। पीजीडीएवी ब्लू की ओर से ब्रायन झा ने 19 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि गौरव और दक्ष ने 2-2 विकेट झटके। ब्रायन झा को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टूर्नामेंट का आयोजन 13 अप्रैल से 30 अप्रैल तक किया जाएगा, जिसमें कुल 27 डे-नाइट मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें 24 लीग मैच, दो सेमीफाइनल और एक फाइनल शामिल है। इस बार 16 टीमें भाग ले रही हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे