वनडे में 150 विकेट हासिल करने वाली तीसरी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बनीं मेगन शट

 




ब्रिसबेन, 09 अक्टूबर (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज मेगन शट ने शुक्रवार को बांग्लादेश महिला टीम के खिलाफ पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 150 विकेट पूरे कर लिए। वह महिला वनडे क्रिकेट में इस उपलब्धि तक पहुंचने वाली ऑस्ट्रेलिया की तीसरी गेंदबाज बन गई हैं।

एलन बॉर्डर फील्ड में खेले गए तीन मैचों की श्रृंखला के पहले मुकाबले में 33 वर्षीय शट को 150 विकेट का आंकड़ा छूने के लिए दो विकेट की जरूरत थी। उन्होंने श्रृंखला की पहली ही गेंद पर फरगाना हक को आउट किया और फिर तीसरे ओवर में शर्मिन सुल्ताना का विकेट लेकर यह उपलब्धि हासिल कर ली।

शट ने फरगाना को शानदार गेंद पर विकेट के पीछे कैच कराया। गेंद पिच पर पड़ने के बाद अंदर की ओर आई और बल्लेबाज के बल्ले का किनारा लेकर पहली स्लिप में खड़ी फीबी लिचफील्ड के हाथों में चली गई। इसके बाद तीसरे ओवर में शट की अंदर की ओर स्विंग होती गेंद शर्मिन सुल्ताना के बल्ले को चकमा देते हुए उनके पैड पर लगी और अंपायर ने उन्हें पगबाधा आउट करार दिया।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से शट से पहले एलिस पेरी और कैथरीन फिट्जपैट्रिक ही महिला वनडे क्रिकेट में 150 विकेट का आंकड़ा पार कर सकी थीं। फिट्जपैट्रिक 180 विकेट के साथ ऑस्ट्रेलिया की सूची में शीर्ष पर हैं, जबकि पेरी के नाम 166 विकेट हैं।

महिला वनडे क्रिकेट में शट कुल मिलाकर 150 विकेट लेने वाली दुनिया की 12वीं खिलाड़ी हैं। इस प्रारूप में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड भारत की पूर्व तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के नाम है, जिन्होंने 255 विकेट हासिल किए हैं।

बांग्लादेश की टीम 166 रन पर सिमटी

मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड ने चार विकेट लेकर बांग्लादेश की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। एश्ले गार्डनर, उपकप्तान ताहलिया मैक्ग्रा और जॉर्जिया वेयरहैम ने भी एक-एक विकेट लिया। बांग्लादेश की टीम 166 रन पर ऑलआउट हो गई।

बांग्लादेश की ओर से रितु मोनी ने सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 45 रन बनाए। वह टीम की एकमात्र बल्लेबाज रहीं, जिन्होंने 30 से अधिक रन बनाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे