महिला एशिया कप: पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना पर लगा जुर्माना

 


दुबई, 07 सितंबर (हि.स.) पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फातिमा सना पर भारत के खिलाफ महिला एशिया कप मुकाबले के दौरान शैफाली वर्मा को आउट करने के बाद विदाई इशारा (सेंड ऑफ) करने के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।

फातिमा को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की आचार संहिता के स्तर-1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। उन्होंने अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन किया, जो बल्लेबाज के आउट होने के बाद ऐसे शब्दों, हरकतों या इशारों से संबंधित है, जो उसे अपमानित करें या आक्रामक प्रतिक्रिया के लिए उकसा सकते हैं।

यह घटना भारत की पारी के दौरान शैफाली वर्मा के आउट होने के बाद हुई। फातिमा ने शैफाली का कैच लेने के बाद पवेलियन की ओर इशारा किया था। यह 24 महीने की अवधि में फातिमा का दूसरा अपराध है। इसके साथ ही उनके डिमेरिट अंकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। इससे पहले उन्हें 6 अगस्त 2025 को डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान एक डिमेरिट अंक मिला था।

भारत के खिलाफ पाकिस्तानी टीम के केवल 55 रन पर सिमटने के बावजूद फातिमा ने गेंद से प्रभावी प्रदर्शन किया था। उन्होंने तीन विकेट लिए थे। 56 रन के लक्ष्य का पीछा करते समय आक्रामक शुरुआत करने वाली शैफाली उनकी पहली शिकार बनी थीं। शैफाली ने फातिमा की छठी गेंद पर आसान कैच गेंदबाज को ही दे दिया था।

फातिमा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी सुप्रिया दास द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया। इसलिए औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। आचार संहिता के स्तर-1 के उल्लंघन में न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार है, जबकि अधिकतम सजा मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक हो सकती है।

भारत से 7 विकेट की मिली हार के बाद पाकिस्तान के पास संभलने के लिए ज्यादा समय नहीं है। उसका अगला मुकाबला सोमवार को हांगकांग, चीन के खिलाफ होगा। इस मुकाबले में जीत पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचा देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे