गाले टेस्ट में शतक लगाकर कोहली के खास रिकॉर्ड क्लब में शामिल हुए पडिक्कल

 


नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। श्रीलंका के खिलाफ गाले में खेले जा रहे पहले टेस्ट में देवदत्त पडिक्कल ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़कर इतिहास रच दिया। पडिक्कल स्वतंत्रता दिवस पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि विराट कोहली ने हासिल की थी, हालांकि कोहली का शतक एकदिवसीय क्रिकेट में आया था।

समाचार लिखे जाने तक पडिक्कल 175 गेंदों पर 129 रन बनाकर नाबाद थे। उनकी शानदार पारी में 12 चौके और एक छक्का शामिल है। उन्होंने 73 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।

नियमित नंबर तीन बल्लेबाज साई सुदर्शन के चोटिल होने के कारण टीम में शामिल किए गए पडिक्कल ने इस मौके को दोनों हाथों से भुनाया। यह उनका केवल तीसरा टेस्ट मैच है और उन्होंने शतक लगाकर नंबर तीन की जिम्मेदारी के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

पडिक्कल ने इससे पहले केएल राहुल के साथ तीसरे विकेट के लिए 150 रन की शानदार साझेदारी की। राहुल 162 गेंदों पर 77 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल 16 रन बनाकर आउट हुए।

विराट कोहली स्वतंत्रता दिवस पर अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले पहले भारतीय बने थे। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ बारिश से प्रभावित वनडे में 99 गेंदों पर नाबाद 114 रन बनाए थे।

कोहली ऐसे इकलौते भारतीय हैं, जिन्होंने स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस, दोनों मौकों पर अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया है।

पडिक्कल का शतक भारत के लिए नंबर तीन पर लंबे समय बाद आया है। इससे पहले शुभमन गिल ने सितंबर 2024 में चेन्नई में बांग्लादेश के खिलाफ इस क्रम पर शतक लगाया था। उसके बाद भारत ने नंबर तीन पर सात अलग-अलग बल्लेबाजों को आजमाया, लेकिन 35 पारियों में उनका सामूहिक औसत केवल 27.28 रहा।

पडिक्कल पिछले कुछ समय से प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी शानदार फॉर्म में हैं। उनकी पिछली सात प्रथम श्रेणी पारियों में उन्होंने 10 पारियों में 702 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। जायसवाल ने 37 गेंदों पर 32 रन बनाए। इसके बाद राहुल और पडिक्कल ने पारी को संभाला।

समाचार लिखे जाने तक भारत का स्कोर 2 विकेट पर 284 रन था। पडिक्कल 129 और ऋषभ पंत 25 रन बनाकर क्रीज पर थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे