एशले नॉफ्के बने नीदरलैंड्स पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच, 2028 तक होगा कार्यकाल

 


एम्सटर्डम, 23 सितंबर (हि.स.)। रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एशले नॉफ्के को नीदरलैंड्स पुरुष क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। 49 वर्षीय नॉफ्के को एकदिवसीय और टी-20 विश्व कप के लिए टीम को क्वालीफाई कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

नॉफ्के ने रयान कुक की जगह ली है, जिन्होंने परिवार के साथ अधिक समय बिताने के लिए पद छोड़ने का फैसला किया है।

नॉफ्के ने 2028 के अंत तक के लिए शुरुआती दो साल का अनुबंध किया है।

नॉफ्के ने ऑस्ट्रेलिया के लिए एक अंतरराष्ट्रीय मैच खेला है। इसके अलावा उनका प्रथम श्रेणी क्रिकेट में लंबा करियर रहा है। उन्होंने क्वींसलैंड, वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के अलावा इंग्लैंड की डरहम, मिडिलसेक्स, ग्लॉस्टरशायर और वॉरसेस्टरशायर जैसी काउंटी टीमों का प्रतिनिधित्व किया।

वह 2008 में पहली बार खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से भी खेले थे।

अपने प्रथम श्रेणी करियर में नॉफ्के ने 3,766 रन बनाए और 386 विकेट लिए। वह एक सत्र में 500 रन और 50 विकेट का डबल पूरा करने वाले केवल तीसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बने थे।

कोच के रूप में भी नॉफ्के का रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। उन्होंने ब्रिस्बेन हीट के साथ महिला बिग बैश लीग का खिताब जीता और दो बार कोच ऑफ द ईयर चुने गए। उन्होंने क्वींसलैंड फायर के साथ महिला राष्ट्रीय क्रिकेट लीग का खिताब और लंदन स्पिरिट के साथ द हंड्रेड का खिताब भी जीता है।

नॉफ्के ने पाकिस्तान के सहायक कोच और गेंदबाजी प्रमुख के रूप में भी काम किया। वह 2025 में पाकिस्तान टीम से जुड़े थे। इस दौरान उन्होंने मुख्य कोच माइक हेसन के साथ काम किया और टीम ने टी-20 विश्व कप के सुपर आठ चरण तथा एशिया कप के फाइनल में जगह बनाई।

नॉफ्के ने कहा कि नीदरलैंड्स टीम के साथ उनका कामकाज का तरीका “रणनीति से पहले जुड़ाव” पर आधारित होगा। उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नीदरलैंड्स के विकास को आगे बढ़ाना है।

नीदरलैंड्स पिछले छह टी-20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर चुका है, लेकिन 2011 के बाद से वह केवल एक बार 50 ओवर के विश्व कप में जगह बना सका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे