स्कॉट एडवर्ड्स ने छोड़ी नीदरलैंड की कप्तानी, बास डी लीडे बने नए कप्तान

 


नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। नीदरलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने चार साल तक टीम की कमान संभालने के बाद कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। इस फैसले की पुष्टि रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन (केएनसीबी) ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो के जरिए की।

अब हरफनमौला खिलाड़ी बास डी लीडे ओमान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग-2 के शेष मुकाबलों में टीम की कप्तानी करेंगे।

अपने साथियों को संबोधित करते हुए 29 वर्षीय एडवर्ड्स ने कहा कि यह फैसला उन्होंने मुख्य कोच रयान कुक और टीम प्रबंधन के साथ लंबे विचार-विमर्श के बाद लिया है।

एडवर्ड्स ने कहा, माफ कीजिए कि मैं यह फैसला अचानक बता रहा हूं। मैं अब टीम की कप्तानी छोड़ रहा हूं। पिछले कुछ समय से मेरी और कोच रयान कुक के बीच इस बारे में चर्चा चल रही थी और कई लोगों से भी बात हुई। मुझे लगता है कि यही सही समय है। मेरा मानना है कि एक खिलाड़ी के रूप में मैं टीम को अभी बहुत कुछ दे सकता हूं और आगे भी यही मेरा लक्ष्य रहेगा। यह टीम बेहद खास है और मुझे विश्वास है कि हमारे सामने अपार संभावनाएं हैं। आने वाले समय को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं।

एडवर्ड्स ने जून 2022 में नीदरलैंड की कप्तानी संभाली थी। उनके नेतृत्व में टीम ने 56 एकदिवसीय और 50 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में 2023 वनडे विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश पर ऐतिहासिक जीत शामिल रही। वहीं, 2022 टी20 विश्वकप में एडिलेड में दक्षिण अफ्रीका को हराकर नीदरलैंड ने बड़ा उलटफेर करते हुए प्रोटियाज टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था।

नए कप्तान बास डी लीडे ने एडवर्ड्स के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, अगर मैं पूरी टीम की ओर से कहूं तो आपने हमें कई यादगार मुकाबलों में नेतृत्व दिया। इसके लिए आपका धन्यवाद। जब कभी हममें से कुछ खिलाड़ियों को खुद पर या टीम पर भरोसा नहीं होता था, तब भी आपने अपने नेतृत्व और स्पष्ट योजनाओं से हममें विश्वास जगाया। आपने मुझे एक खिलाड़ी के रूप में अपनी क्षमता पर पहले से कहीं अधिक भरोसा करना सिखाया।

फिलहाल आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्वकप लीग-2 की अंक तालिका में नीदरलैंड दूसरे स्थान पर है। इस प्रतियोगिता की शीर्ष चार टीमें 2027 वनडे विश्वकप के क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट के लिए जगह बनाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे