नामीबिया दौरे पर दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे, टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला के बाद वनडे मुकाबले
नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। नामीबिया इस महीने के अंत में दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे की मेजबानी करेगा। दौरे में पहले तीनों टीमों के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय त्रिकोणीय श्रृंखला खेली जाएगी, जिसके बाद दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के बीच तीन मैचों की वनडे श्रृंखला होगी। सभी मुकाबले विंडहोक स्थित नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाएंगे।
टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला का आगाज 28 अगस्त से होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को खेला जाएगा। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के बीच तीन मैचों की वनडे श्रृंखला 9 सितंबर से शुरू होगी।
यह त्रिकोणीय श्रृंखला 2027 में शुरू होने वाले अफ्रीका कप की तैयारी के रूप में भी देखी जा रही है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य अफ्रीकी देशों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। श्रृंखला से होने वाला पूरा लाभ अफ्रीका क्रिकेट एसोसिएशन को दिया जाएगा, ताकि महाद्वीप में क्रिकेट के विकास को बढ़ावा मिल सके।
क्रिकेट नामीबिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जोहान मुलर ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड का सहयोग अफ्रीकी क्रिकेट के विकास के लिए साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
वहीं, क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फोलेटसी मोसेकी ने कहा कि यह श्रृंखला अगले वर्ष होने वाले आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्वकप 2027 से पहले उत्साह बढ़ाने का काम करेगी। विश्वकप 2027 की संयुक्त मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे।
टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला का कार्यक्रम:
28 अगस्त : नामीबिया बनाम दक्षिण अफ्रीका
29 अगस्त : दक्षिण अफ्रीका बनाम जिम्बाब्वे
31 अगस्त : नामीबिया बनाम जिम्बाब्वे
01 सितंबर : जिम्बाब्वे बनाम दक्षिण अफ्रीका
03 सितंबर : नामीबिया बनाम जिम्बाब्वे
04 सितंबर : नामीबिया बनाम दक्षिण अफ्रीका
06 सितंबर : फाइनल
दक्षिण अफ्रीका बनाम नामीबिया वनडे श्रृंखला:
9 सितंबर : पहला वनडे
11 सितंबर : दूसरा वनडे
13 सितंबर : तीसरा वनडे
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे