छठे-सातवें नंबर पर बल्लेबाजी और किफायती ओवर डालना मेरी जिम्मेदारी : नमन धीर
इंदौर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय ऑलराउंडर नमन धीर ने कहा है कि टीम प्रबंधन ने उन्हें छठे या सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने और जरूरत पड़ने पर दो से तीन ओवर किफायती गेंदबाजी करने की जिम्मेदारी सौंपी है। भारत ने पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के तीसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज को 14 रन से हराकर 2-1 की बढ़त बना ली।
जियोस्टार के कार्यक्रम ‘हायर क्रिकेट लाइव’ में नमन ने टीम में अपनी भूमिका, गेंदबाजी के दौरान बल्लेबाज की मानसिकता समझने और भविष्य के लक्ष्यों पर बात की। वहीं, जियोस्टार विशेषज्ञ इयान बिशप ने भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन और अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी रणनीति की सराहना की।
टीम में अपनी भूमिका और बल्लेबाजी या गेंदबाजी ऑलराउंडर होने के सवाल पर नमन ने कहा, “मैं बल्लेबाजी ऑलराउंडर हूं। इस मैच में मुझे बल्लेबाजी का मौका मिला, लेकिन मैं उसका पूरा फायदा नहीं उठा सका, जिससे थोड़ा निराश हूं। हालांकि, ऐसा नहीं है कि मैं गेंदबाजी नहीं करता। आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर नियम के कारण मुझे गेंदबाजी के कम अवसर मिलते हैं, लेकिन जब से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया है, तब से गेंदबाजी करता आ रहा हूं और मुझे इसमें बहुत आनंद आता है।
“जहां तक मेरी भूमिका की बात है, कोच और कप्तान ने मुझे बताया है कि परिस्थितियों के अनुसार मैं छठे या सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करूंगा। इसलिए इस भूमिका में लचीलापन है। गेंदबाजी में मेरी जिम्मेदारी है कि जब भी टीम को जरूरत हो, मैं दो या तीन ओवर किफायती तरीके से कराऊं।”
गेंदबाजी करते समय बल्लेबाज की मानसिकता को समझने और उससे एक कदम आगे रहने के बारे में नमन ने कहा, “ऑफ स्पिनर होने के नाते मेरे पास बहुत ज्यादा विविधताएं नहीं हैं। इसलिए मुझे अपनी लाइन और लेंथ पर निर्भर रहना पड़ता है और गेंद की गति में बदलाव करना होता है। मेरी सोच हमेशा यही रही है। जैसा कि कहा जाता है, टी-20 क्रिकेट में आक्रामक विकल्प भी रक्षात्मक विकल्प बन सकता है, क्योंकि विकेट लेने से बेहतर कुछ नहीं होता।
उन्होंने कहा, “बल्लेबाज होने का फायदा यह है कि आप बल्लेबाज का रुख, उसका बल्ला उठाने का तरीका, गार्ड और उन शॉटों को समझ सकते हैं जिन्हें वह खेल सकता है। गेंदबाजी करते समय मैं इन चीजों पर नजर रखता हूं। मैंने जानबूझकर ऐसा कोई प्लान नहीं बनाया था कि पहले तीन छक्के खाने हैं और फिर विकेट लेना है।”
उन्होंने आगे कहा, “उदाहरण के लिए, जब कामिल पूरन बल्लेबाजी कर रहे थे, तो वह हर शॉट लेग साइड की तरफ खेलने और हाथ खोलकर शॉट लगाने के लिए जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसलिए मैं उन्हें जगह नहीं देना चाहता था। पहली दो गेंदों पर मुझसे कुछ गलतियां हुईं। मुझे पता था कि यह मेरा तीसरा ओवर है, बल्लेबाज क्रीज पर जम चुका है और रन गति ज्यादा होने के कारण वह जोखिम लेने की कोशिश करेगा। आखिरकार, वह उसी तरह का शॉट खेलते हुए आउट हुआ, जैसा मैं चाहता था। उसका कैच स्क्वायर लेग पर पकड़ा गया। ऐसी छोटी-छोटी बातें मेरी काफी मदद करती हैं और गेंदबाजी करते समय मैं इन बारीकियों पर नजर रखता हूं।”
अपने निकट भविष्य के लक्ष्यों के बारे में नमन ने कहा, “मैं इस तरह काम नहीं करता कि बहुत आगे के बारे में सोचता रहूं। फिलहाल मेरा कोई खास लक्ष्य नहीं है। मैं सिर्फ अपनी क्रिकेट खेल रहा हूं, उसका आनंद ले रहा हूं और भगवान मुझे जहां ले जाएंगे, मैं वहीं जाऊंगा।”
जियोस्टार विशेषज्ञ इयान बिशप ने तीसरे टी-20 में भारत की जीत के बाद गेंदबाजों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा, “सबसे पहले भारत को बधाई। लगभग आठवें ओवर के बाद वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने रोस्टन चेज, फिर स्प्रिंगर और फिर मोटी के जरिए कुछ हद तक रन रोकने शुरू किए, लेकिन अंतिम ओवरों में प्रिंस यादव के बल्ले से निकले रन निर्णायक साबित हुए। इसके बाद हमने यॉर्कर गेंदें भी देखीं। टॉस के समय श्रेयस अय्यर ने बताया था कि उन्होंने सीरीज में पहली बार प्रिंस यादव को टीम में वापस इसलिए शामिल किया, ताकि ऐसे गेंदबाज उपलब्ध हों जो यॉर्कर और वाइड लाइन पर गेंदबाजी कर सकें। ये रणनीतियां बेहद महत्वपूर्ण होती हैं। अर्शदीप गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ हैं और उन्होंने परिस्थितियों को बहुत जल्दी समझ लिया। इसमें नमन धीर ने भी उनकी थोड़ी मदद की। जाहिर तौर पर एक महत्वपूर्ण बात यह रही कि ओस नहीं पड़ी। कुल मिलाकर, बल्लेबाजों के दबदबे वाली इस सीरीज में गेंदबाजों को बेहतर प्रदर्शन करते देखना अच्छा है। वेस्टइंडीज अगली बार कुछ चीजें बेहतर करने की कोशिश करेगी, लेकिन भारत की जीत का श्रेय कम नहीं किया जा सकता। गेंदबाजी के लिहाज से भारत इस जीत का हकदार था।”
भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का चौथा टी-20 मुकाबला बुधवार, 14 अक्टूबर को शाम सात बजे से खेला जाएगा। मुकाबले का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे