हैमस्ट्रिंग और घुटने की चोट के कारण क्रिकेट से चार सप्ताह के लिए दूर हुए मुस्तफिजुर रहमान
हरारे, 10 जुलाई (हि.स.)। बांग्लादेश के अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान हैमस्ट्रिंग और घुटने की चोट के कारण अगले चार सप्ताह तक क्रिकेट नहीं खेल पाएंगे। इसके साथ ही वह जिम्बाब्वे दौरे के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अनुसार जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे के दौरान गेंदबाजी करते समय मुस्तफिजुर को दर्द महसूस हुआ था। मंगलवार को कराए गए स्कैन में उनके दाहिने हैमस्ट्रिंग में ग्रेड-1 मसल टियर और दाहिने घुटने के मेनिस्कस में डीजेनेरेशन की पुष्टि हुई।
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे में मुस्तफिजुर ने छह ओवर में 19 रन दिए थे और बल्लेबाजी में नंबर-10 पर भी उतरे थे। हालांकि बांग्लादेश को उस मुकाबले में 25 रन से हार का सामना करना पड़ा। चोट के कारण वह दूसरा वनडे नहीं खेल सके, जहां उनकी जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम को टीम में शामिल किया गया।
अब मुस्तफिजुर पूरी तरह जिम्बाब्वे दौरे से बाहर हो गए हैं, जिसमें तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला भी शामिल है। वह पुनर्वास (रिहैब) के लिए स्वदेश लौट चुके हैं।
गौरतलब है कि इस साल की शुरुआत में भी मुस्तफिजुर घुटने की चोट से परेशान रहे थे। पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) से लौटने के बाद वह अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे शृंखला के शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाए थे।
बाद में तीसरे वनडे में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए पांच विकेट झटके थे। इसके बाद बीसीबी ने उन्हें पीएसएल के शेष मुकाबलों के लिए जारी अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) भी वापस ले लिया था।
जिम्बाब्वे दौरा 19 जुलाई को समाप्त होगा, जिसके बाद बांग्लादेश को 13 अगस्त से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलनी है। यह दोनों मुकाबले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र का हिस्सा होंगे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे