टाइम पत्रिका-2026 की खेल प्रभावशाली सूची में शामिल हुए स्मृति मंधाना और टेम्बा बावुमा
- क्रिकेट से केवल इन दोनों खिलाड़ियों को ही मिला सूची में शामिल होने का मौका
नई दिल्ली, 16 जून (हि.स.)। विश्व की प्रतिष्ठित टाइम पत्रिका की वर्ष 2026 की ‘खेल जगत के 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों’ की सूची में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना और दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा को स्थान मिला है। दोनों इस सूची में शामिल होने वाले इकलौते क्रिकेट खिलाड़ी बने हैं।
इस सूची में दुनिया के कई बड़े खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है, जिनमें बास्केटबॉल, फुटबॉल, टेनिस और गोल्फ के दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं। मंधाना और बावुमा को पत्रिका ने ‘टाइटन्स’ श्रेणी में रखा है। स्मृति मंधाना को लेकर टाइम पत्रिका ने लिखा कि भारतीय महिला क्रिकेट की यह बल्लेबाज लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। वह घरेलू एकदिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर भी हैं।
पत्रिका ने बताया कि मंधाना महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतकों के संयुक्त रिकॉर्ड की धारक हैं और एक कैलेंडर वर्ष में एक हजार से अधिक एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर भी बनीं। टीम उपलब्धियों में भी मंधाना ने बड़ी सफलता हासिल की। उनकी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने महिला प्रीमियर लीग 2024 और 2026 का खिताब जीता। वहीं वह पिछले वर्ष महिला विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम की उपकप्तान भी रहीं।
वर्ष 2024 में उन्होंने महिला क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया और अगले वर्ष खुद ही उस रिकॉर्ड को बेहतर किया। इसी प्रदर्शन के लिए उन्हें वर्ष 2025 का बीबीसी भारतीय खेल महिला सम्मान भी मिला। मंधाना इस समय इंग्लैंड में खेले जा रहे महिला टी-20 विश्व कप में हिस्सा ले रही हैं, जहां उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत में 44 गेंदों पर 68 रन की मैच विजेता पारी खेली।
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा को लेकर टाइम पत्रिका ने लिखा कि उन्होंने अपने खेल से देश में नई पहचान बनाई। वर्ष 2016 में वह टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाने वाले पहले अश्वेत दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज बने और वर्ष 2021 में देश के पहले अश्वेत कप्तान बने। पिछले वर्ष उनकी कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका ने भारत में ऐतिहासिक टेस्ट श्रृंखला जीत दर्ज की और इसके बाद विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में चोट के बावजूद बावुमा की 66 रन की पारी टीम की जीत में निर्णायक साबित हुई। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीत के बाद बावुमा ने कहा था कि वह चाहते हैं कि उनकी उपलब्धियां पूरे देश के लिए प्रेरणा बनें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे