रणजी ट्रॉफी : पहली पारी में असफल रहने के बाद करुण नायर ने लगाया नाबाद शतक
- करुण नायर ने रणजी ट्रॉफी में जड़ा 20वां सैकड़ा
विजयवाड़ा, 14 अक्टूबर (हि.स.)। कर्नाटक के अनुभवी बल्लेबाज करुण नायर ने आंध्र के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले में पहली पारी की नाकामी से उबरते हुए शानदार शतक जड़ा। बुधवार को पहली पारी में केवल आठ रन बनाने वाले 34 वर्षीय नायर ने दूसरी पारी में दमदार बल्लेबाजी करते हुए रणजी ट्रॉफी में अपना 20वां शतक पूरा किया।
नायर ने अपनी लय हासिल करते हुए बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज सौरभ और ललित मोहन के खिलाफ शानदार छक्के लगाए। उन्होंने गेंद को सीधे सीमा रेखा के पार पहुंचाकर अपने आक्रामक अंदाज की झलक दिखाई। पहली पारी में कम स्कोर के बाद उनका यह शतक उनकी बल्लेबाजी क्षमता का प्रभावशाली उदाहरण रहा।
दलीप ट्रॉफी में नहीं मिला था मौका
नायर के लिए पिछले कुछ महीने उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं। उन्हें 2026 की दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल और फाइनल, दोनों मुकाबलों के लिए टीम में जगह नहीं मिली थी। इसके बाद वह बेंगलुरु लौटे और रणजी ट्रॉफी सत्र की तैयारी के लिए कर्नाटक के पारंपरिक लाल गेंद वाले टूर्नामेंट थिम्मप्पैया ट्रॉफी में केएससीए सचिव एकादश की ओर से खेले।
आंध्र के खिलाफ आया यह शतक उनके लिए घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाने की कोशिश में एक अहम कदम है। वह पिछले साल भारतीय टेस्ट टीम में शानदार वापसी के बाद अपने प्रदर्शन को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट टीम में की थी वापसी
नायर ने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। भारत ने यह श्रृंखला 2-2 से बराबर की थी। कुछ महीने पहले तक मुश्किल नजर आ रही उनकी वापसी घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन का नतीजा थी।
2024-25 सत्र में विदर्भ की ओर से खेलते हुए नायर ने रणजी ट्रॉफी में 863 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 53.93 रहा और विदर्भ ने खिताब जीता। विजय हजारे ट्रॉफी में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने आठ पारियों में पांच शतक लगाए और 389.50 के असाधारण औसत से रन बनाए।
घरेलू क्रिकेट में इन दमदार प्रदर्शनों ने चयनकर्ताओं का ध्यान उनकी ओर खींचा था और उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में वापसी का मौका मिला। आंध्र के खिलाफ ताजा शतक से नायर ने एक बार फिर साबित किया है कि बड़े स्कोर बनाने की उनकी भूख अब भी बरकरार है।
मैच की बात करें तो इस मुकाबले में कर्नाटक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान समरन रविचंद्रन (126) के शानदार शतक और कृष्णन श्रीजीत के (58) के अर्धशतक की बदौलत 274 रन बनाए।
जिसके जवाब में आंध्र प्रदेश ने सीरम वेंकट राहुल (119) के शतक और रेवंथ रेड्डी (97), शेख रशीद (54) के अर्धशतकों की बदौलत अपनी पहली पारी में 418 रन बनाए और पहली पारी के आधार पर 144 रन की बढ़त हासिल की।
कर्नाटका ने दूसरी पारी में करुण नायर के नाबाद 155 रनों की शतकीय पारी की बदौलत 9 विकेट पर 337 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और आंध्र प्रदेश के सामने 194 रनों का लक्ष्य रखा।
समाचार लिखे जाने तक आंध्रा ने 194 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 18 ओवर में केवल 43 रन पर 3 विकेट खो दिये हैं और उसे जीतने के लिए अभी भी 151 रनों की आवश्यकता है, जबकि 28 ओवर शेष है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे