एशियन खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर जय शाह ने भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को दी बधाई
नागोया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर नागोया में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इससे एक सप्ताह पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी स्वर्ण पदक जीता था। इस तरह एशियाई खेलों में क्रिकेट में भारत ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किया।
यह एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का लगातार दूसरा स्वर्ण पदक है। भारतीय टीम ने इस साल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। इससे पहले भारत ने इस वर्ष लगातार दूसरी बार आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप का खिताब भी जीता था।
भारतीय क्रिकेट टीम को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाने के दौरान आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा सहित कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। जय शाह ने श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम को स्वर्ण पदक प्रदान किए।
भारतीय टीम के स्वर्ण पदक जीतने के बाद आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा, “नागोया और जापान ने क्रिकेट के इतिहास में गर्व का एक नया अध्याय लिखा है। इस पल के लिए शानदार अभियान के लिए भारतीय टीम को बधाई और हर उस देश का दिल से धन्यवाद जिसने इसमें हिस्सा लिया, एशियाई ओलंपिक परिषद और आयोजकों का भी धन्यवाद, जिनकी सोच और दूरदृष्टि हमें यहां तक लेकर आई और उन हजारों प्रशंसकों का भी आभार, जिनकी मौजूदगी ने हमें याद दिलाया कि दुनिया में कहीं भी क्रिकेट इतना खास क्यों है।”
भारत के लिए एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट का यह लगातार दूसरा स्वर्ण है। महिला टीम के स्वर्ण के बाद पुरुष टीम की इस उपलब्धि ने नागोया में भारत के क्रिकेट अभियान को दोहरे स्वर्ण के साथ यादगार बना दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे