ईशान किशन का लखनऊ में तूफानी शतक, अफगानिस्तान के खिलाफ रचा नया रिकॉर्ड
लखनऊ, 17 जून (हि.स.)। इकाना स्टेडियम में बुधवार को भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए केवल 71 गेंदों में शतक पूरा कर नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
ईशान ने शुरुआत संभल कर की और अपना अर्धशतक 52 गेंदों में पूरा किया, लेकिन इसके बाद उन्होंने गियर बदलते हुए अगली 53 रन केवल 19 गेंदों में बना डाले। शतक पूरा करते ही उन्होंने हेलमेट उतारकर दर्शकों का अभिवादन किया, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने मैदान पर उन्हें गले लगाया।
लखनऊ में सबसे तेज शतक का रिकार्ड ईशान के नाम, दूसरे नंबर पर गिल
ईशान के शतक तक पहुंचने वाला क्षण भी बेहद खास रहा। अफगानिस्तान के गेंदबाज बिलाल सामी की गेंद पर उन्होंने शानदार कट शॉट खेलते हुए चौका लगाया और इसी के साथ अपना शतक पूरा किया।
यह शतक कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। ईशान किशन अब अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे तेज एकदिवसीय शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा वह लखनऊ में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। इसी मैच में शुभमन गिल ने भी 76 गेंदों पर शतक पूरा किया और लखनऊ के इस मैदान पर सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए।
समाचार लिखे जाने तक भारत ने 35 ओवर में 2 विकेट पर 294 रन बना लिए हैं। गिल 122 और ईशान किशन 122 रन बनाकर खेल रहे हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे तेज वनडे शतक (गेंदों के आधार पर):
57 गेंद – इयॉन मॉर्गन (मैनचेस्टर, 2019)
71 गेंद – ईशान किशन (लखनऊ, 2026)
76 गेंद – ग्लेन मैक्सवेल (मुंबई, 2023 विश्व श्रृंखला)
77 गेंद – शुभमन गिल (लखनऊ, 2026)
लखनऊ में खेली गई शुभमन गिल और ईशान किशन की यह पारी भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम साबित हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे