लखनऊ में जीत के बाद कोहली ने आरसीबी के प्रदर्शन को सराहा, कहा- हम पूरे मैच में आगे रहे

 


नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) पर मिली 5 विकेट की जीत के बाद टीम के ऑलराउंड प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे मुकाबले में बढ़त बनाए रखी और विपक्ष को वापसी का मौका नहीं दिया।

कोहली ने मैच के बाद कहा, “हमने बल्लेबाजी में काफी पेशेवर रवैया अपनाया। शुरुआत से ही हमारा प्रयास था कि मैच को विपक्ष से दूर ले जाएं। फिल सॉल्ट के आउट होने के बाद हमने आक्रामक रुख अपनाया और उन्हें वापसी का कोई मौका नहीं दिया। टीम में एक बल्लेबाज से दूसरे बल्लेबाज तक लय बनाए रखना हमारे लिए बहुत अच्छा काम कर रहा है।”

उन्होंने आगे कहा, “दबाव के छोटे-छोटे मौकों पर हमने सही शॉट्स चुने और तुरंत दबाव विपक्ष पर डाल दिया। इसी वजह से हम पूरे मैच में आगे रहे। हालांकि बल्लेबाजी के नजरिए से मैं चाहता था कि हम कम विकेट खोकर मैच खत्म करते, लेकिन अंत में रोमारियो शेफर्ड ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए मुकाबला खत्म किया।”

कोहली ने गेंदबाजों की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर कुमार, रासिख सलाम और जोश हेजलवुड ने शानदार गेंदबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। साथ ही उन्होंने क्रुणाल पांड्या को इंडियन प्रीमियर लीग में 100 विकेट पूरे करने पर बधाई दी।

टीम के गेंदबाजों ने भी अपने प्रदर्शन से संतोष जताया। जोश हेजलवुड ने कहा कि पिच थोड़ी धीमी थी, लेकिन टीम ने परिस्थितियों के अनुसार खुद को जल्दी ढाल लिया और योजनाओं को सटीक तरीके से लागू किया। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार और रासिख सलाम की खास तौर पर तारीफ की।

मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने टीम की फील्डिंग को बेहतरीन बताया और कहा कि खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार ऊर्जा दिखाई। फिल सॉल्ट के कैच का जिक्र करते हुए उन्होंने टीम के प्रयासों को सराहा।

बता दें कि लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 149 रन बनाए जवाब में बेंगलुरु टीम ने 15.1 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट, रासिख सलाम ने 4 विकेट और क्रुणाल पांड्या ने 2 विकेट लिए।

यह मैच बेंगलुरु ने5 विकेट से जीता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे