लखनऊ के खिलाफ अब करो या मरो की स्थिति है, निडर होकर खेलना होगा: रिकी पोंटिंग
लखनऊ, 22 मई (हि.स.)। पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने कहा है कि टीम के लिए अब “करो या मरो” की स्थिति है और खिलाड़ियों को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में निडर होकर खेलना होगा।
आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए पंजाब किंग्स को शनिवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी।
मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पोंटिंग ने कहा कि टीम का माहौल सकारात्मक और शांत है तथा खिलाड़ी बड़े मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
उन्होंने कहा,“ड्रेसिंग रूम का माहौल काफी सकारात्मक और शांत है। हमारे पास अनुभवी खिलाड़ी हैं जो जानते हैं कि बड़े मैचों के लिए खुद को कैसे तैयार करना है। इसमें कोई छिपाने वाली बात नहीं कि अब हमारे लिए करो या मरो की स्थिति है। मैं कल के मुकाबले को लेकर बेहद उत्साहित हूं और मुझे इस टीम की क्षमता पर पूरा भरोसा है। सीजन के शुरुआती सात मैचों में हमने देखा कि यह टीम कितनी शानदार क्रिकेट खेल सकती है।”
पोंटिंग ने कहा कि टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो चुकी टीमें ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती हैं क्योंकि उन पर दबाव कम होता है।
उन्होंने कहा,“ऐसी स्थिति में मौजूद टीमें काफी खतरनाक होती हैं। लखनऊ के पास अब खोने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है, लेकिन हम इसे समझते हैं। मैं चाहता हूं कि मेरे खिलाड़ी भी उसी तरह निडर होकर खेलें। हम आक्रामक क्रिकेट खेलना चाहते हैं और संभावित नकारात्मक परिणामों से डरना नहीं चाहते।”
पंजाब किंग्स के कोच ने कहा कि टी20 क्रिकेट में छोटी गलतियां भी मैच का रुख बदल देती हैं।
पोंटिंग ने कहा,“यह बेहद जरूरी है कि खिलाड़ी सकारात्मक सोच रखें और मैदान पर अपने प्रभाव पर ध्यान दें। आईपीएल के मैच बहुत छोटे अंतर से तय होते हैं। कुछ गेंदें इधर-उधर होना, किसी बल्लेबाज का गलत फैसला या कोई शानदार फील्डिंग पूरे मैच का मोमेंटम बदल सकती है। इसलिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा।”
रिकी पोंटिंग ने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर की भी जमकर सराहना की।
उन्होंने कहा,“पिछले कुछ मैचों में हमने अर्शदीप को फिर से अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के करीब देखा है। आईपीएल अब काफी हाई-स्कोरिंग टूर्नामेंट बन चुका है, लेकिन जिस तरह से उसने मेहनत की है, उससे मैं बेहद खुश हूं। वहीं श्रेयस का नेतृत्व भी शानदार रहा है। वह अब काफी परिपक्व कप्तान बन चुके हैं और जानते हैं कि खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कैसे निकालना है। जब भी वह बोलते हैं, पूरी टीम ध्यान से सुनती है।”
पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला 23 मई को शाम 7:30 बजे इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे