आईपीएल 2026: मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने रखा 163 रनों का लक्ष्य, सूर्यकुमार ने लगाया अर्धशतक
नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शनिवार को खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के आठवें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने जीत के लिए 163 रनों का लक्ष्य रखा है। मुंबई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक (51) की बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट पर 162 रन बनाए।
इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई की शुरुआत खराब रही और केवल 18 रन के कुल स्कोर पर रियान रिकल्टन 9 रन बनाकर मुकेश कुमार का शिकार बनें। मुकेश ने रिकल्टन को मिड-ऑफ पर अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया, फिर नकल बॉल पर तिलक वर्मा को खुद की ही गेंद पर कैच पकड़कर आउट किया।
तिलक सिर्फ दो गेंद ही खेल सके और खाता भी नहीं खोल सके।
कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आते ही चौका लगाकर दबाव कम किया, दूसरी तरफ रोहित शर्मा को शुरुआती ओवरों में बड़ा जीवनदान मिला, लेकिन वह इसका ज्यादा फायदा नहीं उठा सके। कुलदीप यादव जब गेंदबाजी करने आए, तो रोहित ने उनकी गेंद पर कवर के जरिए चौका लगाया। अगली ही गेंद पर रोहित स्वीप खेलने गए और गेंद पैड से टकराई। दिल्ली ने कैच-बिहाइंड की अपील की और रिव्यू लिया, लेकिन अल्ट्राएज में साफ हुआ कि बल्ले से संपर्क नहीं हुआ था, जिससे रोहित को जीवनदान मिला।
इस दौरान रोहित और कुलदीप के बीच एक हल्का-फुल्का अंदाज भी देखने को मिला, दरअसल कुलदीप ने अपील के बाद कप्तान अक्षर पटेल को रिव्यू लेने के लिए मजबूर किया, जिसपर रोहित अपनी हंसी नहीं रोक पाए और कुलदीप को थम्सअप दिखाया।
मुंबई ने पावरप्ले में धीमी शुरुआत की, लेकिन सातवें ओवर में पहला छक्का देखने को मिला। रोहित ने निखिल निगम के खिलाफ आगे बढ़कर लंबा शॉट लगाया, वहीं अगले ओवर में सूर्यकुमार यादव ने अक्षर पटेल की गेंद पर बैकवर्ड स्क्वायर लेग के ऊपर छक्का जड़ा।
रोहित और सूर्या ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी की। 10वें ओवर में 73 के कुल स्कोर पर अक्षर पटेल ने रोहित को अपना शिकार बनाया। अक्षर की गेंद पर नीतिश राणा ने रोहित का कैच पकड़ा। रोहित ने 35 रन बनाए, इस दौरान उन्होंने 26 गेंदों का सामना किया और 5 चौके और एक छक्का लगाया, हालांकि इसके बाद 12वें ओवर में मुंबई इंडियंस को एक और झटका लगा, जब शेरफन रदरफोर्ड विप्रज निगम की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में मुकेश कुमार को कैच थमा बैठे। रदरफोर्ड ने केवल 5 रन बनाए।
हालांकि यहां से सूर्यकुमार यादव और नमन धीर ने मुंबई की पारी को संभाला और स्कोर को 122 रनों तक पहुंचाया। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 22 गेंदों पर 37 रनों की साझेदारी की। 16वें ओवर में सूर्या ने 34 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। हालांकि इसी ओवर में लुंगी एन्गिडी ने सूर्या को एलबीडब्ल्यू कर मुंबई को पांचवां झटका दिया। सूर्या ने 36 गेंदों पर 51 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद नमन धीर और मिचेल सैंटनर ने मुंबई की पारी को आगे बढ़ाया और पारी को 19वें ओवर में 146 रन तक ले गए। 19वें ओवर की चौथी गेंद पर टी नटराजन ने नमन धीर को पवेलियन भेजा।
नमन और सैंटनर ने 20 गेंदों पर 24 रनों की साझेदारी की। नमन धीर ने 21 गेंदों पर 28 रन बनाए और दो चौके और एक छक्का लगाया। यहां से सैंटनर और कॉर्बिन बॉश ने 8 गेंदों पर 16 रनों की नाबाद साझेदारी कर टीम का स्कोर 162 रनों तक पहुंचाया। सैंटनर 13 गेंदों पर 2 चौकों की बदौलत 18 और बॉश 4 गेंदों पर 2 चौकों की बदौलत 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मुकेश कुमार ने 2, लुंगी एन्गिडी, कप्तान अक्षर पटेल, विप्रज निगम और टी नटराजन ने 1-1 विकेट लिया।
इससे पहले मुंबई इंडियंस की ओर से सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए मैदान पर उतरे, क्योंकि नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या अस्वस्थ होने के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। सूर्यकुमार ने कहा कि टॉस “अप्रासंगिक” था, क्योंकि दिल्ली पहले गेंदबाजी और मुंबई पहले बल्लेबाजी करना चाहती थी।
दिल्ली की टीम बिना बदलाव के उतरी, जबकि मुंबई में कुछ बदलाव देखने को मिले। हार्दिक की गैरमौजूदगी में कॉर्बिन बॉश और दीपक चाहर को टीम में शामिल किया गया, जबकि ट्रेंट बोल्ट बाहर रहे। वहीं मिचेल सैंटनर ने एएम गजनफर की जगह ली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे