मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव, उथप्पा और टी. दिलीप को मिली अहम जिम्मेदारी

 


नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सत्र से पहले मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। नए मुख्य कोच कीरोन पोलार्ड के नेतृत्व में टीम ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा को बल्लेबाजी कोच और टी. दिलीप को क्षेत्ररक्षण कोच नियुक्त किया है। इसके अलावा न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिशेल मैक्लेनाघन को गेंदबाजी कोच और धवल कुलकर्णी को विकासात्मक गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुंबई इंडियंस ने इससे पहले लसिथ मलिंगा, पारस म्हाम्ब्रे और कार्ल हॉपकिन्सन से नाता तोड़ लिया था। मलिंगा 2024 से टीम के गेंदबाजी कोच थे, जबकि हॉपकिन्सन क्षेत्ररक्षण कोच की भूमिका निभा रहे थे।

रॉबिन उथप्पा पहली बार किसी आईपीएल टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बने हैं। उन्होंने 2022 सत्र के बाद आईपीएल से संन्यास ले लिया था। उथप्पा 2008 में आईपीएल के पहले सत्र में मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा थे और नियमित रूप से अंतिम एकादश में खेलते थे। बाद में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ जहीर खान के बदले हुए शुरुआती ट्रेड में शामिल किया गया था।

मिशेल मैक्लेनाघन मुंबई इंडियंस के तीन खिताबी अभियानों में अहम भूमिका निभा चुके हैं। न्यूजीलैंड के इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 2015, 2017 और 2019 में टीम की खिताबी जीत के दौरान 56 मुकाबलों में 71 विकेट लिए थे। वह 2020 में खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली टीम का भी हिस्सा थे, हालांकि उन्हें उस सत्र में खेलने का मौका नहीं मिला। वह 2024 में आईएलटी20 में मुंबई इंडियंस एमिरेट्स के गेंदबाजी कोच भी रहे थे। उनकी देखरेख में टीम ने खिताब जीता था।

टी. दिलीप भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के क्षेत्ररक्षण कोच के रूप में पहचान बना चुके हैं। वह भारतीय टीम के साथ तीन आईसीसी खिताब जीतने वाले कोचिंग दल का हिस्सा रहे। इनमें 2024 और 2026 के टी20 विश्व कप तथा 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी शामिल हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के कार्यकाल के दौरान भी वह टीम के साथ जुड़े रहे थे। अब वह मुंबई इंडियंस में रोहित के साथ फिर काम करेंगे।

धवल कुलकर्णी भी मुंबई इंडियंस के पुराने खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने आईपीएल के शुरुआती छह सत्रों में टीम का प्रतिनिधित्व किया और 2013 में उसकी पहली खिताबी जीत का हिस्सा बने। इसके बाद वह 2020 और 2021 में भी मुंबई की टीम से जुड़े। कुलकर्णी ने अपने आईपीएल करियर में राजस्थान रॉयल्स और अब समाप्त हो चुकी गुजरात लायंस का भी प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने भारत के लिए 2014 से 2016 के बीच 12 एकदिवसीय और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले।

मुंबई इंडियंस ने बताया कि कुलकर्णी को पूरे साल की जिम्मेदारी दी गई है। इससे खिलाड़ियों के विकास और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के पूल को मजबूत करने के कार्यक्रम में निरंतरता बनी रहेगी।

पोलार्ड के नेतृत्व में नए कोचिंग स्टाफ के सामने पहली बड़ी चुनौती दिसंबर में होने वाली नीलामी से पहले खिलाड़ियों को टीम में बनाए रखने की सूची तैयार करना होगी। इसके लिए फ्रेंचाइजी को आगामी सत्र की रणनीति और टीम संयोजन पर काम करना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे