भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को सात रन से हराया, चौहान और अनवय द्रविड़ चमके

 


राजकोट, 18 सितंबर (हि.स.)।

यशवर्धन चौहान के हरफनमौला प्रदर्शन और अनवय द्रविड़ की तूफानी पारी की बदौलत भारतीय अंडर-19 टीम ने बारिश से प्रभावित पहले युवा एकदिवसीय मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को सात रन से हरा दिया और तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है।

बारिश के कारण मुकाबला 20-20 ओवर का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने छह विकेट पर 182 रन बनाए। यशवर्धन चौहान ने 34 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 54 रन बनाए। वहीं, छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे अनवय द्रविड़ ने केवल 18 गेंदों में 38 रन ठोके, जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 211.11 रहा।

भारत ने 12वें ओवर में 88 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद चौहान और अनवय ने पांचवें विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से ऑफ स्पिनर एली ब्रेन ने चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिए।

ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत की। उसके शीर्ष चार बल्लेबाजों में से तीन ने 40 या उससे अधिक रन बनाए। कप्तान जैक कोजनेक ने 27 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 55 रन बनाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया।

ऑस्ट्रेलिया को आखिरी 11 गेंदों में 24 रन की जरूरत थी। कोजनेक ने लगातार तीन गेंदों पर चौके लगाए और 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को अंतिम ओवर में 11 रन चाहिए थे, लेकिन दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहित उलवा ने केवल तीन रन दिए और भारत को जीत दिला दी।

चौहान ने गेंदबाजी में भी अहम योगदान दिया। ऑफ स्पिनर ने ऑस्ट्रेलिया के दो प्रमुख बल्लेबाजों हेडन बारबुलोविच को 24 गेंदों पर 40 और नील पटेल को 21 गेंदों पर 45 रन के स्कोर पर आउट किया।

मुकाबले में पूर्व भारतीय खिलाड़ियों राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे भी आमने-सामने थे। अनवय द्रविड़ ने आक्रामक अंदाज में 38 रन बनाए, जबकि ऑस्ट्रेलिया की पारी की शुरुआत करने वाले आर्यवीर सहवाग ने 26 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 28 रन बनाए।

संक्षिप्त स्कोर:

भारत अंडर-19: 20 ओवर में 182/6 (यशवर्धन चौहान 54, अनवय द्रविड़ 38; एली ब्रेन 2/29)

ऑस्ट्रेलिया अंडर-19: 20 ओवर में 175/7 (जैक कोजनेक 55, नील पटेल 45, हेडन बारबुलोविच 40; यशवर्धन चौहान 2/28)

परिणाम: भारत अंडर-19 सात रन से विजयी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे