भारत ने रचा इतिहास, 600 टेस्ट खेलने वाला दुनिया का तीसरा देश बना

 


नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। भारत ने शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ गाले में पहले टेस्ट के लिए मैदान पर उतरते ही टेस्ट क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। भारत 600 टेस्ट मैच खेलने वाला दुनिया का तीसरा देश बन गया।

भारत से पहले केवल इंग्लैंड (1,097 टेस्ट) और ऑस्ट्रेलिया (883 टेस्ट) ने 600 या उससे अधिक टेस्ट मैच खेले हैं। भारत के 599 टेस्ट में 186 जीत, 188 हार और 224 मैच ड्रॉ रहे हैं। उसका जीत-हार अनुपात 0.989 और जीत प्रतिशत 31.13 रहा है।

भारत टेस्ट क्रिकेट में कुल जीत के मामले में पांचवें स्थान पर है। उससे आगे ऑस्ट्रेलिया (426), इंग्लैंड (405), दक्षिण अफ्रीका (191) और वेस्टइंडीज (187) हैं।

# 1932 में हुई थी टेस्ट यात्रा की शुरुआत

भारत ने अपना पहला टेस्ट मैच 1932 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला था। सीके नायडू की कप्तानी में खेले गए उस मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 158 रन से हराया था।

भारत ने अपना 100वां टेस्ट 1967 में बर्मिंघम में, 200वां टेस्ट 1982 में लाहौर में और 300वां टेस्ट 1996 में अहमदाबाद में खेला। 400वां टेस्ट 2006 में किंग्स्टन और 500वां टेस्ट 2016 में कानपुर में खेला गया, जहां भारत ने न्यूजीलैंड को 197 रन से हराया था।

# भारत के ऐतिहासिक टेस्ट

* पहला टेस्ट: इंग्लैंड बनाम भारत, लॉर्ड्स, 1932 — इंग्लैंड 158 रन से जीता

* 100वां टेस्ट: इंग्लैंड बनाम भारत, बर्मिंघम, 1967 — इंग्लैंड 132 रन से जीता

* 200वां टेस्ट: पाकिस्तान बनाम भारत, लाहौर, 1982 — ड्रॉ

* 300वां टेस्ट: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, अहमदाबाद, 1996 — भारत 64 रन से जीता

* 400वां टेस्ट: वेस्टइंडीज बनाम भारत, किंग्स्टन, 2006 — भारत 49 रन से जीता

* 500वां टेस्ट: भारत बनाम न्यूजीलैंड, कानपुर, 2016 — भारत 197 रन से जीता

* 600वां टेस्ट: श्रीलंका बनाम भारत, गाले, 2026

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे