कोलंबो टेस्ट : सोरियाबंदर और दिनूषा ने कराई श्रीलंका की वापसी, गेंदबाजों की बदौलत भारत का दबदबा बरकरार

 




- श्रीलंका ने चौथे दिन अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट खोकर बनाए 229 रन

कोलंबो, 26 अगस्त (हि.स.)। सोनल दिनूषा के शतक और पसिंदु सोरियाबंदर की 92 रन की शानदार पारी के दम पर श्रीलंका ने भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में जोरदार वापसी की है। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी सत्र में नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने दूसरी पारी में छह विकेट पर 229 रन बना लिए हैं और उसे 16 रन की बढ़त हासिल है।

दिन की शुरुआत श्रीलंका ने पहली पारी में आठ विकेट पर 265 रन से की थी। दिनूषा 85 रन पर नाबाद थे। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपना शतक पूरा किया। यह इस सीरीज में उनका दूसरा शतक था। हालांकि, इसके बाद लाहिरू कुमारा 18 रन बनाकर सरांश जैन का पहला टेस्ट शिकार बने। दिनूषा भी जल्द ही सरांश की गेंद पर स्लिप में राहुल को कैच देकर 103 रन पर आउट हो गए। श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर समाप्त हुई और भारत को 213 रन की बढ़त मिली।

भारत ने श्रीलंका को फॉलोऑन दिया। दूसरी पारी में मेजबान टीम ने शुरुआत में कुछ तेजी दिखाई। पसिंदु सोरियाबंदर और कामिंदु मेंडिस ने भारतीय स्पिनरों के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। सोरियाबंदर ने मुकाबले में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया, जबकि मेंडिस ने भी भारत के खिलाफ अपना पहला अर्धशतक जड़ा। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी हुई।

भारत को सफलता प्रसिद्ध कृष्णा ने दिलाई। उन्होंने मेंडिस को शॉर्ट गेंद पर फंसाया और शुभमन गिल ने स्क्वायर लेग पर शानदार कैच लपककर 55 रन पर उनकी पारी समाप्त की।

चाय तक श्रीलंका तीन विकेट पर 199 रन बना चुका था और भारत की बढ़त को पूरी तरह समाप्त करने के करीब था। लेकिन अंतिम सत्र में भारतीय गेंदबाजों ने जोरदार वापसी की।

धनंजय डी सिल्वा 16 रन बनाकर मानव सुथार का शिकार हुए। इसके बाद शानदार बल्लेबाजी कर रहे सोरियाबंदर ने 92 रन पर अपना विकेट गंवा दिया। वह सुथार की धीमी और बाहर जाती गेंद पर आगे बढ़े, लेकिन गेंद बल्ले की पहुंच से दूर रही और ऋषभ पंत ने उन्हें स्टंप कर दिया।

सरांश जैन ने इसके बाद निरोशन डिकवेला को एलबीडब्ल्यू कर श्रीलंका को छह विकेट पर 218 रन पर पहुंचा दिया। दिनूषा और केशरा नुवान्था ने इसके बाद डटकर बल्लेबाजी की और श्रीलंका को और नुकसान नहीं होने दिया। खराब रोशनी और बारिश के कारण दिन का खेल समय से पहले समाप्त करना पड़ा।

भारत की ओर से पहली पारी में प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने तीन-तीन विकेट लिए। सुथार ने दूसरी पारी में भी दो विकेट हासिल किए, जबकि सरांश जैन ने पहली पारी में श्रीलंका के आखिरी दो विकेट चटकाए।

संक्षिप्त स्कोर: भारत 503/9 पारी घोषित, श्रीलंका 290 (सोनल दिनूषा 103, पसिंदु सोरियाबंदर 80; प्रसिद्ध कृष्णा 3/52, मानव सुथार 3/85) और 229/6 (पसिंदु सोरियाबंदर 92, कामिंदु मेंडिस 55; मानव सुथार 2/81), भारत से 16 रन आगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे