न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित, अय्यर आखिरी दो मैचों में करेंगे कप्तानी

 


गिल और राहुल आखिरी दो मैचों से बाहर

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)।

न्यूजीलैंड के खिलाफ चार नवंबर से ऑकलैंड में शुरू होने वाली आगामी वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। सीरीज के पहले तीन मुकाबलों में शुभमन गिल टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि आखिरी दो मैचों के लिए श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है। विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है। वह अंतिम दो मुकाबलों में केएल राहुल की जगह लेंगे।

झारखंड के युवा विकेटकीपर कुमार कुशाग्र हाल ही में श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज तथा ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ घरेलू सीरीज में भारत ए टीम का हिस्सा थे। तेज गेंदबाज औकिब नबी और यश ठाकुर को भी सीरीज के बीच में टीम से जोड़ा जाएगा।

रवींद्र जडेजा को नहीं मिली जगह

अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को टीम में शामिल नहीं किया गया है। उनकी जगह अक्षर पटेल और नमन धीर को स्पिन गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर के रूप में चुना गया है। तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा को पहले तीन मुकाबलों के लिए टीम में जगह मिली है। हालांकि, प्रसिद्ध कृष्णा का चयन फिटनेस संबंधी मंजूरी पर निर्भर करेगा।

पहले तीन मैचों के लिए शुभमन गिल कप्तान और श्रेयस अय्यर उपकप्तान होंगे। टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन और मोहम्मद सिराज जैसे प्रमुख खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है।

पहले तीन वनडे के लिए भारतीय टीम:

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बरार, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव।

चौथे और पांचवें वनडे के लिए भारतीय टीम:

श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, aakib नबी, गुरनूर बरार, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे