भारत ने पहले टी20 में अफगानिस्तान को सात विकेट से हराया, अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी

 






- भारत ने तीन मैचों की सीरीज में ली 1-0 की बढ़त

नई दिल्ली, 13 सितंबर (हि.स.)। अभिषेक शर्मा की तूफानी अर्धशतकीय पारी और भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में अफगानिस्तान को सात विकेट से हरा दिया। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 156 रन बनाए थे, जिसे भारत ने 17वें ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

मुकाबले को देखने के लिए अरुण जेटली स्टेडियम में 25,165 दर्शक मौजूद रहे। मैच की शुरुआत भी भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक रही, जब टॉस के बाद पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की आधिकारिक प्रस्तुति की गई और उसके बाद राष्ट्रगान जन गण मन गाया गया।

क्रिकेट मैदान पर पहली बार गूंजा वंदे मातरम्

टॉस के बाद पहले वंदे मातरम् और फिर जन गण मन की प्रस्तुति हुई। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत वंदे मातरम् के सभी छह अंतरों वाली आधिकारिक प्रस्तुति की गई। राष्ट्रगीत की प्रस्तुति करीब तीन मिनट 10 सेकंड की रही, जबकि राष्ट्रगान करीब 52 सेकंड का था। दोनों प्रस्तुतियों में कुल चार मिनट दो सेकंड का समय लगा।

बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित वंदे मातरम् के शुरुआती दो अंतरों को 1937 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने राष्ट्रगीत के रूप में स्वीकार किया था। 1950 में संविधान सभा ने भी इसे राष्ट्रगीत के रूप में मान्यता दी थी। क्रिकेट के अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में इसकी पहली प्रस्तुति को भारतीय क्रिकेट में एक ऐतिहासिक शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

अफगानिस्तान की खराब शुरुआत, पांच विकेट 56 रन पर गंवाए

टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उसके गेंदबाजों ने कप्तान श्रेयस अय्यर के फैसले को सही साबित किया। अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। जसप्रीत बुमराह ने पारी की दूसरी ही गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई।

इसके बाद अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान 11 रन बनाकर रन आउट हो गए। उन्होंने डीप मिड-विकेट की ओर शॉट खेलकर दूसरा रन लेने की कोशिश की, लेकिन ईशान किशन के शानदार थ्रो ने उन्हें क्रीज से बाहर कर दिया।

पांचवें ओवर में अर्शदीप सिंह ने सेदिकुल्लाह अटल को 13 रन पर आउट किया।

अटल ने ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे शॉर्ट थर्ड मैन पर खड़े बुमराह के हाथों में चली गई।

इसके बाद अक्षर पटेल ने गुलबदीन नायब को दो रन पर आउट किया। नीतीश कुमार रेड्डी ने पीछे की ओर दौड़ते हुए शानदार कैच पकड़कर भारत को चौथी सफलता दिलाई। पावरप्ले में अफगानिस्तान ने चार विकेट गंवाकर 41 रन बनाए।

सातवें ओवर में पांचवां झटका

सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने दरवेश रसूली को बोल्ड कर अफगानिस्तान को पांचवां झटका दिया। रसूली केवल दो रन बना सके। नौ ओवर में अफगानिस्तान ने 50 रन पूरे किए और 10 ओवर के बाद उसका स्कोर पांच विकेट पर 56 रन था।

इस समय अफगानिस्तान की स्थिति बेहद खराब नजर आ रही थी, लेकिन मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह ओमरजई ने पारी को संभाल लिया।

नबी और ओमरजई ने पलटा मैच का रुख

नबी और ओमरजई ने छठे विकेट के लिए 58 गेंदों में 83 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। दोनों ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया और अफगानिस्तान को सम्मानजनक स्कोर की ओर पहुंचाया।

17वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने मोहम्मद नबी को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। नबी ने 27 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 33 रन बनाए।

19वें ओवर में अर्शदीप ने राशिद खान को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराकर अफगानिस्तान को सातवां झटका दिया। राशिद 10 गेंदों पर केवल एक रन बना सके। इसी ओवर में नूर अहमद भी बिना खाता खोले श्रेयस अय्यर के सीधे थ्रो पर रन आउट हो गए।

ओमरजई का शानदार अर्धशतक, अफगानिस्तान ने बनाए 156 रन

लगातार विकेट गिरने के बावजूद ओमरजई ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। आखिरी ओवर में उन्होंने शिवम दुबे की गेंदों पर दो छक्के और दो चौके लगाकर 21 रन बटोरे। इसके साथ अफगानिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 156 रन बनाए।

ओमरजई 44 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 64 रन बनाकर नाबाद रहे। मुजीब उर रहमान नौ रन बनाकर नाबाद लौटे। अफगानिस्तान ने आखिरी 10 ओवर में 115 रन बनाए और चार विकेट गंवाए।

भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक विकेट मिला। अफगानिस्तान के दो बल्लेबाज रन आउट हुए।

भारत की शुरुआत खराब, तीसरे ओवर में सैमसन आउट

157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। संजू सैमसन को अजमतुल्लाह ओमरजई ने तीसरे ओवर में 18 के कुल स्कोर पर दरवेश रसूली के हाथों कैच करा दिया।

इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला और तेजी से रन बनाए।

अभिषेक शर्मा ने 22 गेंदों में जड़ा अर्धशतक

अभिषेक शर्मा ने पांचवें ओवर में फजलहक फारूकी के खिलाफ 26 रन बटोरे। इस ओवर में उन्होंने दो छक्के और दो चौके लगाए, जबकि पांच रन वाइड से आए। ईशान ने एक रन लिया। भारत ने पावरप्ले में एक विकेट पर 82 रन बना लिए।

भारत ने 8.2 ओवर में 100 रन पूरे किए। अभिषेक ने केवल 22 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया।

अभिषेक और ईशान ने दूसरे विकेट के लिए 53 गेंदों में 121 रन की शानदार साझेदारी की।

दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने अफगानिस्तान के गेंदबाज पूरी तरह दबाव में नजर आए।

82 रन बनाकर आउट हुए अभिषेक

11वें ओवर में मोहम्मद नबी ने अभिषेक शर्मा को आउट कर इस तूफानी साझेदारी को तोड़ा। नबी की गेंद पर राशिद खान ने शानदार कैच पकड़ा। अभिषेक ने 32 गेंदों पर सात चौकों और सात छक्कों की मदद से 82 रन बनाए।

इसके बाद नबी ने 13वें ओवर में ईशान किशन को भी आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया। राशिद खान ने एक बार फिर शानदार कैच पकड़ा। ईशान ने 33 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाए।

श्रेयस-तिलक ने दिलाई आसान जीत

ईशान के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया। दोनों ने टीम को 38 गेंद शेष रहते सात विकेट से जीत दिला दी। श्रेयस आठ और तिलक तीन रन बनाकर नाबाद रहे।

अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद नबी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिए।

भारत की इस जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हो गई है। 15 सितबंर को सीरीज के दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान के सामने वापसी करने की चुनौती होगी, जबकि भारतीय टीम अपनी बढ़त को मजबूत करने के इरादे से उतरेगी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे