भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, वैभव समेत तीन खिलाड़ी बाहर
नई दिल्ली, 13 सितंबर (हि.स.)। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
मुकाबला नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है।
टॉस से पहले दोनों टीमों के बीच विशेष कार्यक्रम हुआ, जिसमें स्मृति चिन्ह भेंट करने के साथ सिक्के और जर्सी का आदान-प्रदान किया गया। इसके बाद अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने सिक्का उछाला, लेकिन बाजी भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर के पक्ष में रही।
टॉस जीतने के बाद अय्यर ने कहा कि दिल्ली की परिस्थितियों को देखते हुए पहले गेंदबाजी करना बेहतर विकल्प है। उन्होंने कहा, “हमने यहां काफी मैच खेले हैं और परिस्थितियों को देखते हुए पहले गेंदबाजी करना चाहते हैं। जिम्बाब्वे सीरीज से हमें काफी सकारात्मक चीजें मिलीं और उसी रवैये के साथ आगे बढ़ेंगे।”
अय्यर ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की टीम में मौजूदगी को टीम के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा, “बुमराह का टीम में होना हमारे लिए शानदार है। जीतने की मानसिकता के मामले में वह बहुत अच्छा रवैया लेकर आते हैं।”
भारत की अंतिम एकादश में वैभव सूर्यवंशी, वॉशिंगटन सुंदर और दो अन्य खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है। भारत की पारी की शुरुआत संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा करेंगे।
वहीं, अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने कहा कि उनकी टीम भी पहले गेंदबाजी करना चाहती थी। उन्होंने कहा कि भारत की मेजबानी करना अफगानिस्तान के लिए बड़ा अवसर है और टीम इस मुकाबले का आनंद लेना चाहती है। उन्होंने दर्शकों से अफगानिस्तान का समर्थन करने की अपील भी की।
अफगानिस्तान को मुकाबले से पहले एक झटका लगा है। तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक पूरी तरह मैच फिट नहीं होने के कारण इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं।
अफगानिस्तान (प्लेइंग इलेवन): इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी।
भारत (प्लेइंग इलेवन): संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे