भारत-वेस्टइंडीज के बीच पांचवां और निर्णायक टी-20 मैच बारिश की भेंट चढ़ा

 




पांच मैचों की टी-20 सीरीज 2-2 से बराबर

बेंगलुरू, 17 अक्टूबर (हि.स.)। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पांचवां और निर्णायक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। शनिवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में लगातार बारिश के कारण मैच रद्द करना पड़ा, जिसके साथ ही सीरीज 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुई। भारतीय टीम ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में महज 7.4 ओवर में पांच विकेट पर 118 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका।

वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। खराब मौसम के कारण मुकाबले को नौ-नौ ओवर का कर दिया गया, लेकिन भारतीय पारी के दौरान फिर बारिश शुरू हो गई और निर्णायक मैच में दोनों टीमों को जीत का मौका नहीं मिल सका।

ईशान और नमन धीर ने मचाया धमाल

भारत की ओर से ईशान किशन ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 10 गेंदों में 30 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 14 गेंदों में 22 रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया, जबकि संजू सैमसन ने सात गेंदों में 16 रन बनाए।

नमन धीर ने आखिरी ओवरों में आक्रामक अंदाज दिखाते हुए केवल छह गेंदों में नाबाद 24 रन जड़ दिए। उनकी पारी में एक चौका और तीन छक्के शामिल रहे। अभिषेक शर्मा छह रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक वर्मा ने सात रन बनाए। भारत ने शुरुआती 2.4 ओवर में ही 46 रन जुटाकर अपनी आक्रामक मंशा जाहिर कर दी थी।

वेस्टइंडीज की ओर से कीमो पॉल और शमर स्प्रिंगर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि शमर जोसेफ को एक सफलता मिली।

भुवनेश्वर कुमार की वापसी चर्चा में

मुकाबले के दौरान भारतीय प्रशंसकों के लिए एक खास खबर अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी रही। कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस के समय उनकी वापसी की जानकारी दी। हालांकि, बारिश के कारण उन्हें गेंदबाजी करने का अवसर नहीं मिला। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। भुवनेश्वर की इस मैच में वापसी लगभग 4 बाद हुई। उन्होंने आखिरी टी 20 मैच नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली थी।

2022 के बाद घरेलू द्विपक्षीय सीरीज जीतने में नाकाम भारत

सीरीज बराबर रहने के साथ भारतीय टीम का घरेलू द्विपक्षीय सीरीज में जीत का सिलसिला भी टूट गया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, भारत 2022 के बाद पहली बार घरेलू द्विपक्षीय सीरीज जीतने में नाकाम रहा। हालांकि, भारत की पिछली घरेलू द्विपक्षीय सीरीज हार 2019 में आई थी।

वेस्टइंडीज के लिए भी भारत में द्विपक्षीय सीरीज जीतने का इंतजार बरकरार है। उपलब्ध ऐतिहासिक रिकॉर्ड के अनुसार, वेस्टइंडीज ने भारत में आखिरी बार 2002 में द्विपक्षीय सीरीज जीती थी। तब सात मैचों की वनडे सीरीज में उसने भारत को 4-3 से हराया था। इसके बाद से कैरेबियाई टीम भारतीय सरजमीं पर किसी प्रारूप में द्विपक्षीय सीरीज जीतने में सफल नहीं रही है।

छक्कों के मामले में वेस्टइंडीज ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड

सीरीज भले ही बराबरी पर समाप्त हुई, लेकिन बल्लेबाजी के लिहाज से यह बेहद आक्रामक रही। वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की इस सीरीज में कुल 105 छक्के लगाए। पूर्ण सदस्य देशों के बीच द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में सर्वाधिक छक्कों की सूची में यह चौथे स्थान पर है।

इस सूची में इंग्लैंड ने 2023-24 में वेस्टइंडीज दौरे पर नौ मैचों की सीरीज में 120 छक्के लगाए थे, जो शीर्ष स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया ने 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 117 छक्के लगाए, जबकि न्यूजीलैंड ने 2026 में भारत के खिलाफ 116 छक्के जड़े। वेस्टइंडीज का मौजूदा सीरीज में 105 छक्कों का आंकड़ा 2019 में भारत के खिलाफ लगाए गए 96 छक्कों से भी अधिक है।

पूर्ण सदस्य देशों के बीच द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में सर्वाधिक छक्के

- 120 — इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज, 2023-24

- 117 — ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज, 2025

- 116 — न्यूजीलैंड बनाम भारत, 2026

- 105 — वेस्टइंडीज बनाम भारत, 2026

- 96 — वेस्टइंडीज बनाम भारत, 2019

- 96 — इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज, 2021-22

रन गति के मामले में भी वेस्टइंडीज शीर्ष पर

वेस्टइंडीज ने इस सीरीज में प्रति ओवर 10.98 रन की औसत गति से रन बनाए। पूर्ण सदस्य देशों के बीच द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में यह सूची में दर्ज सर्वोच्च रन गति है। न्यूजीलैंड ने 2026 में भारत के खिलाफ 10.57 रन प्रति ओवर की गति से रन बनाए थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 9.63 रन प्रति ओवर की गति दर्ज की थी।

पूर्ण सदस्य देशों के बीच द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में सर्वाधिक रन गति

- 10.98 — वेस्टइंडीज बनाम भारत, 2026

- 10.57 — न्यूजीलैंड बनाम भारत, 2026

- 9.63 — ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज, 2025

- 9.36 — भारत बनाम इंग्लैंड, 2026

- 9.21 — इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज, 2023-24

निर्णायक मुकाबले में बारिश बनी विलेन

पांचवें टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से सीरीज का विजेता तय होना था, लेकिन मौसम ने दोनों टीमों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। भारत ने 7.4 ओवर में 118 रन बनाकर बड़े स्कोर की नींव रख दी थी, मगर लगातार बारिश के कारण मुकाबला आगे नहीं बढ़ सका। नतीजतन, भारत और वेस्टइंडीज को 2-2 की बराबरी से संतोष करना पड़ा। सीरीज में वेस्टइंडीज की आक्रामक बल्लेबाजी और छक्कों का रिकॉर्ड जरूर चर्चा में रहा, लेकिन निर्णायक मैच का नतीजा मौसम ने तय कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे