भारत ने अफगानिस्तान के सामने रखा 222 रनों का लक्ष्य, अभिषेक शर्मा ने लगाया तूफानी शतक

 




नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक और संजू सैमसन के अर्धशतक की बदौलत भारत ने तीसरे और आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अफगानिस्तान के सामने जीत के लिए 222 रनों का लक्ष्य रखा है। गुरुवार को यहां अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने अभिषेक के 108 और संजू के 50 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 221 रन बनाए।

अभिषेक शर्मा आज अलग ही लय में दिखे। उन्होंने पहले ही तीन ओवर में 4 चौके और 4 छक्के जड़ दिये। भारत ने 3.3 ओवर में अपने 50 रन पूरे कर लिये, जो सीरीज में सबसे तेज 50 रन थे, भारत ने पहले टी-20 में 50 रन 4.2 ओवर और दूसरे टी-20 में 4.4 ओवर में 50 रन पूरे किये थे। पांचवें ओवर ओवर की तीसरी गेंद पर संजू सैमसन को एक जीवनदान भी मिला, जब नबी की गेंद पर इब्राहिम जादरान ने उनका कैच छोड़ा। उस समय संजू 22 रन बनाकर खेल रहे थे, कैच छूटने के साथ ही संजू ने 1 रन लिया और टी-20 क्रिकेट में अपने 9000 रन भी पूरे किये। हालांकि अगली ही गेंद पर अभिषेक ने छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। अभिषेक ने 16 गेंद पर 50 रन पूरे किये और 5 चौके और 5 छक्के लगाए। नबी के इस ओवर में 29 रन बने।

पावर प्ले में भारत ने लगाए 10 छक्के

पावर प्ले की समाप्ति पर भारत ने अपने 100 रन पूरे किये। इस दौरान भारतीय बल्लेबाजों ने 8 चौके और 10 छक्के लगाए। अभिषेक ने 8 चौके और 7 छक्के लगाए, जबकि संजू सैमसन ने 3 छक्के जड़े।

अभिषके शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले देशों के खिलाफ सबसे तेज टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया। अभिषेक ने केवल 30 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 10 छक्के लगाए। हालांकि शतक लगाने के बाद अभिषेक अपनी पारी को ज्यादा दूर नहीं ले जा सके और 10वें ओवर में 142 के कुल स्कोर पर राशिद खान ने विकेटकीपर गुरबाज के हाथों कैच कराकर उनकी पारी का अंत किया। अभिषेक ने 34 गेंदों पर 108 रन बनाए। उन्होंने 11 छक्के और 9 चौके लगाए।

अभिषेक के आउट होने के बाद 12वें ओवर में तिलक वर्मा भी 2 रन बनाकर राशिद खान के सीधे थ्रो पर रन आउट हो गए।

14वें ओवर में 164 के कुल स्कोर पर संजू सैमसन भी अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद पवेलियन लौट गए। संजू सैमसन ने 35 गेंदों पर 2 चौके और 4 छक्के की बदौलत 50 रन बनाए। संजू को अजमतुल्लाह ओमरजई ने राशिद खान के हाथों कैच आउट कराया। ओमरजई ने 16वें ओवर में 186 के कुल स्कोर पर शिवम दुबे को भी अपना शिकार बना लिया। शिवम ने 10 गेंदों पर 1 चौके और 1 छक्के की बदौलत 14 रन बनाए।

भारत ने 17वें ओवर में अपने 200 रन पूरे किये।

भारत ने 17 ओवर की समाप्ति पर 4 विकेट पर 201 रन बनाए। 18वें ओवर में 205 के कुल स्कोर पर गुरबाज ने अपने सीधे थ्रो पर ईशान किशन को रन आउट कर दिया। ईशान ने 8 गेदों पर 1 चौके की बदौलत 10 रन बनाए। अब्दुल्ला अहमदज़ई ने 19वें ओवर में 206 के कुल स्कोर पर नीतिश रेड्डी को नूर अहमद के हाथों कैच कराकर भारत को छठा झटका दिया। नीतिश ने 1 रन बनाया। 20वें ओवर की चौथी गेंद पर इब्राहिम जादरान ने सीधे थ्रो पर श्रेयस अय्यर को रन आउट कर भारत को सातवां झटका दिया। अय्यर ने 20 गेंदों पर 29 रन बनाए।

अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई ने 2, राशिद खान और अब्दुल्ला अहमदज़ई ने 1-1 विकेट लिया। जबकि 3 भारतीय बल्लेबाज रन आउट हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे