भारत ने अफगानिस्तान को तीसरे टी-20 में 127 रनों से रौंदा, तीन मैचों की सीरीज 3-0 से जीती

 




भारत ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ी जीत दर्ज की

नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। भारत ने यहां अरुण जेटली स्टेडियम में 26230 दर्शकों की भारी भीड़ के सामने तीसरे और अंतिम टी-20 मैच में अफगानिस्तान को 127 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा के बेहतरीन शतक की बदौलत अफगानिस्तान के सामने 222 रनों का लक्ष्य रखा था, जवाब में अफगानिस्तान की टीम 14.1 ओवर में केवल 94 रनों पर सिमट गई।

222 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानी टीम को रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने सधी शुरुआत दिलाई। पहले दो मैचों में खाता नहीं खोल सके गुरबाज ने इस मैच में अच्छी शुरुआत की और शुरु में कुछ अच्छे शॉट लगाए। हालांकि वो अपनी पारी ज्यादा दूर तक नहीं ले जा सके। चौथे ओवर की पहली ही गेंद पर अक्षर पटेल ने 31 के कुल स्कोर पर गुरबाज़ को बोल्ड कर दिया। गुरबाज़ ने 11 गेंदों पर 3 चौके की बदौलत 15 रन बनाए।

अक्षर पटेल ने इसी ओवर में 33 के कुल स्कोर पर सेदुकुल्लाह अटल को अभिषेक शर्मा को हाथों कैच कराकर अफगानिस्तान को दूसरा झटका दिया। अगले ही ओवर में 39 के कुल स्कोर पर जसप्रीत बुमराह ने दरविश रसूली (00) को बोल्ड कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई।

कप्तान इब्राहिम जादरान भी अपनी पारी को कुछ खास आगे नहीं ले जा सके और छठे ओवर में 47 के कुल स्कोर पर यश ठाकुर ने उन्हें ईशान किशन के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। जादरान ने 16 गेंदों पर 1 छक्के और 4 चौके की बदौलत 25 रन बनाए। अफगानिस्तान ने पावर प्ले की समाप्ति पर 4 विकेट पर 51 रन बना लिए।

आठवें ओवर की पहली गेंद पर अक्षर पटेल की गेंद पर तिलक वर्मा ने नूर उल रहमान का आसान से कैच छोड़ दिया। रहमान उस समय 6 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। रहमान ने लॉन्ग ऑफ की तरफ हवा में शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन टाइमिंग सही नहीं रही, वहां तिलक ने एक आसान सा कैच छोड़ दिया, गेंद सीधे उनके हाथों में आई और फिसल गई। अगली ही गेंद पर संजू सैमसन ने भी रहमान को जीवन दान दे दिया और आसान सा स्टम्प छोड़ दिया। हालांकि नूर रहमान अपनी पारी को ज्यादा दूर तक नहीं ले जा सके और नौवें ओवर में रवि बिश्नोई ने उन्हें अपना शिकार बनाया। रवि बिश्नोई से रहमान को नीतीश रेड्डी ने कैच आउट किया! रहमान ने 15 गेंदों पर 2 चौकों की बदौलत 11 रन बनाए।

रेड्डी ने एक ही ओवर में तीन विकेट लिए

12वें ओवर में नीतिश कुमार रेड्डी ने 81 के कुल स्कोर पर मोहम्मद नबी को बोल्ड कर अफगानिस्तान को छठा झटका दिया। नबी ने 9 गेंद पर 8 रन बनाए। रेड्डी ने इसी ओवर में अजमतुल्लाह ओमरजई को आउट कर अफगानी टीम को सातवां झटका दिया। यह विकेट 82 के कुल स्कोर पर गिरा। ओमरजई ने 13 गेंदों पर 17 रन बनाए। रेड्डी ने इसी ओवर में मुजीब उर रहमान (00) को भी बोल्ड कर दिया और अफगानिस्तान को आठवां झटका दिया। यह इस ओवर में रेड्डी का तीसरा विकेट रहा।

बिश्नोई ने 13वें ओवर में 89 के कुल स्कोर पर राशिद खान (06) को बोल्ड कर अफगानिस्तान को नौवां झटका दिया। 15वें ओवर की पहली गेंद पर रवि बिश्नोई से अब्दुल्ला अहमदजई, को अक्षर पटेल के हाथों कैच आउट करा कर अफगानी पारी का अंत किया। यह विकेट 94 रनों के स्कोर पर गिरा। इस तरह भारत ने यह मैच 127 रनों से जीत लिया, जो अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे बड़ी जीत रही।

भारत की तरफ से नीतिश कुमार रेड्डी और रवि बिश्नोई ने 3-3, अक्षर पटेल ने 2, जसप्रीत बुमराह और यश ठाकुर ने 1-1 विकेट लिया।

भारत ने अफगानिस्तान के सामने रखा 222 रनों का लक्ष्य

इससे पहले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक और संजू सैमसन के अर्धशतक की बदौलत भारत ने तीसरे और आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अफगानिस्तान के सामने जीत के लिए 222 रनों का लक्ष्य रखा है। गुरुवार को यहां अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने अभिषेक के 108 और संजू के 50 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 221 रन बनाए

अभिषेक शर्मा आज अलग ही लय में दिखे।

उन्होंने पहले ही तीन ओवर में 4 चौके और 4 छक्के जड़ दिये। भारत ने 3.3 ओवर में अपने 50 रन पूरे कर लिये, जो सीरीज में सबसे तेज 50 रन थे, भारत ने पहले टी-20 में 50 रन 4.2 ओवर और दूसरे टी-20 में 4.4 ओवर में 50 रन पूरे किये थे। पांचवें ओवर ओवर की तीसरी गेंद पर संजू सैमसन को एक जीवनदान भी मिला, जब नबी की गेंद पर इब्राहिम जादरान ने उनका कैच छोड़ा। उस समय संजू 22 रन बनाकर खेल रहे थे, कैच छूटने के साथ ही संजू ने 1 रन लिया और टी-20 क्रिकेट में अपने 9000 रन भी पूरे किये। हालांकि अगली ही गेंद पर अभिषेक ने छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। अभिषेक ने 16 गेंद पर 50 रन पूरे किये और 5 चौके और 5 छक्के लगाए। नबी के इस ओवर में 29 रन बने।

पावर प्ले में भारत ने लगाए 10 छक्के

पावर प्ले की समाप्ति पर भारत ने अपने 100 रन पूरे किये। इस दौरान भारतीय बल्लेबाजों ने 8 चौके और 10 छक्के लगाए। अभिषेक ने 8 चौके और 7 छक्के लगाए, जबकि संजू सैमसन ने 3 छक्के जड़े।

अभिषके शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले देशों के खिलाफ सबसे तेज टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया। अभिषेक ने केवल 30 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 10 छक्के लगाए। हालांकि शतक लगाने के बाद अभिषेक अपनी पारी को ज्यादा दूर नहीं ले जा सके और 10वें ओवर में 142 के कुल स्कोर पर राशिद खान ने विकेटकीपर गुरबाज के हाथों कैच कराकर उनकी पारी का अंत किया। अभिषेक ने 34 गेंदों पर 108 रन बनाए। उन्होंने 11 छक्के और 9 चौके लगाए।

अभिषेक के आउट होने के बाद 12वें ओवर में तिलक वर्मा भी 2 रन बनाकर राशिद खान के सीधे थ्रो पर रन आउट हो गए।

14वें ओवर में 164 के कुल स्कोर पर संजू सैमसन भी अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद पवेलियन लौट गए। संजू सैमसन ने 35 गेंदों पर 2 चौके और 4 छक्के की बदौलत 50 रन बनाए। संजू को अजमतुल्लाह ओमरजई ने राशिद खान के हाथों कैच आउट कराया। ओमरजई ने 16वें ओवर में 186 के कुल स्कोर पर शिवम दुबे को भी अपना शिकार बना लिया। शिवम ने 10 गेंदों पर 1 चौके और 1 छक्के की बदौलत 14 रन बनाए।

भारत ने 17वें ओवर में अपने 200 रन पूरे किये।

भारत ने 17 ओवर की समाप्ति पर 4 विकेट पर 201 रन बनाए। 18वें ओवर में 205 के कुल स्कोर पर गुरबाज ने अपने सीधे थ्रो पर ईशान किशन को रन आउट कर दिया। ईशान ने 8 गेदों पर 1 चौके की बदौलत 10 रन बनाए। अब्दुल्ला अहमदज़ई ने 19वें ओवर में 206 के कुल स्कोर पर नीतिश रेड्डी को नूर अहमद के हाथों कैच कराकर भारत को छठा झटका दिया।

नीतिश ने 1 रन बनाया। 20वें ओवर की चौथी गेंद पर इब्राहिम जादरान ने सीधे थ्रो पर श्रेयस अय्यर को रन आउट कर भारत को सातवां झटका दिया। अय्यर ने 20 गेंदों पर 29 रन बनाए।

अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई ने 2, राशिद खान और अब्दुल्ला अहमदज़ई ने 1-1 विकेट लिया। जबकि 3 भारतीय बल्लेबाज रन आउट हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे