वनडे विश्व कप 2027 का क्वालिफायर प्लेऑफ नेपाल में , दिसंबर में काठमांडू में खेले जाएंगे मुकाबले

 


काठमांडू, 22 अक्टूबर (हि.स.)। वर्ष 2027 में होने वाले वनडे क्रिकेट विश्व कप का क्वालिफायर प्लेऑफ टूर्नामेंट नेपाल में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता आगामी 4 से 21 दिसंबर तक काठमांडू में खेली जाएगी। नेपाल क्रिकेट संघ ने उक्त जानकारी दी।

इस प्रतियोगिता में आईसीसी क्रिकेट विश्व कप लीग-2 में अंतिम चार स्थानों पर रहने वाली टीमों के अलावा चैलेंज लीग ‘ए’ और ‘बी’ की शीर्ष दो-दो टीमें हिस्सा लेंगी। इस तरह कुल आठ टीमें प्रतिस्पर्धा करेंगी।

इस टूर्नामेंट में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें वर्ष 2027 में दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया में आयोजित होने वाले 50 ओवर के विश्व कप के क्वालिफायर टूर्नामेंट में जगह बनाएंगी।

अब तक प्लेऑफ में हिस्सा लेने वाली छह टीमों की पुष्टि हो चुकी है। नेपाल, कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का लीग-2 के अंतिम चार में रहना तय हो गया है। वहीं, चैलेंज लीग ‘बी’ से इटली और युगांडा भी प्लेऑफ में पहुंच चुके हैं।

चैलेंज लीग ‘ए’ से जर्सी की भागीदारी भी तय हो चुकी है, जबकि कुवैत का स्थान लगभग पक्का है। हालांकि, कुछ मुकाबले बाकी होने के कारण कुवैत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

लीग-2 से ओमान और नामीबिया में से किसी एक टीम को प्लेऑफ में जगह मिलेगी। इस टीम का नाम भी अभी आधिकारिक रूप से तय नहीं हुआ है। इस प्रकार आठ टीमें प्लेऑफ में हिस्सा लेंगी।

प्लेऑफ के कारण भारत ‘ए’ के खिलाफ सीरीज का कार्यक्रम बदलेगा

विश्व कप क्वालिफायर प्लेऑफ का आयोजन नेपाल में होने के कारण नेपाल और भारत ‘ए’ के बीच 9, 11 और 13 दिसंबर को होने वाली क्रिकेट सीरीज का कार्यक्रम भी बदलना पड़ेगा।

नेपाल क्रिकेट के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और नेपाल क्रिकेट संघ के बीच आपसी समन्वय और सहमति से सीरीज का नया कार्यक्रम तय किया जाएगा। इसकी घोषणा बाद में की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास