पॉल रीफेल ने अंपायर के रूप में पूरे किए 100 वनडे, आईसीसी ने दी बधाई
नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)।अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने ऑस्ट्रेलिया के पॉल रीफेल को एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अंपायर के रूप में 100 मैच पूरे करने पर बधाई दी है। रीफेल ने मंगलवार को न्यूजीलैंड और भारत के बीच हैमिल्टन में खेले गए तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में मैदानी अंपायर की भूमिका निभाते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
रीफेल कम से कम 100 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में मैदानी अंपायरिंग करने वाले दुनिया के 23वें अंपायर बन गए हैं। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले छठे ऑस्ट्रेलियाई अंपायर हैं। उनसे पहले डैरिल हार्पर, साइमन टॉफेल, डैरेल हेयर, स्टीव डेविस और रॉड टकर यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
आईसीसी के महाप्रबंधक (आयोजन एवं क्रिकेट संचालन) गौरव सक्सेना ने कहा, “आईसीसी सौभाग्यशाली है कि उसके पास अंपायरों का एक प्रतिष्ठित पैनल है, जिसके सदस्य पूर्व खिलाड़ी और अधिकारी के रूप में खेल का व्यापक अनुभव और समझ रखते हैं। पॉल इस सफर का एक शानदार उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सर्वोच्च स्तर पर खेलने के बाद उन्होंने सफलतापूर्वक अंपायरिंग की ओर रुख किया और खुद को खेल के सबसे सम्मानित अधिकारियों में स्थापित किया। आईसीसी के एलीट पैनल में उनके 13 वर्ष उनकी निरंतरता, पेशेवर रवैये और उनके द्वारा बनाए रखे गए उच्च मानकों को दर्शाते हैं।आईसीसी की ओर से मैं पॉल को अंपायर के रूप में 100 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देता हूं और आने वाले वर्षों में उनकी निरंतर सफलता की कामना करता हूं।”
इस उपलब्धि पर पॉल रीफेल ने कहा, “मैं वर्षों से मिले सहयोग के लिए आईसीसी और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का आभारी हूं। साथ ही, एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल के अपने साथी अंपायरों और रेफरी का भी धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने इस सफर में शानदार साथ दिया और मुझे सलाह दी। मैं अपने परिवार और दोस्तों को भी धन्यवाद देना चाहता हूं, जो हमेशा मेरे साथ खड़े रहे और लगातार मेरा समर्थन तथा उत्साहवर्धन करते रहे। खेल के सर्वोच्च स्तर पर पहले क्रिकेटर और फिर अंपायर के रूप में जुड़े रहना एक शानदार सफर रहा है। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे ये अवसर मिले। मैं आने वाले वर्षों में भी कई और मुकाबलों का हिस्सा बनने और अनेक नई यादें बनाने के लिए उत्सुक हूं।”
रीफेल को 2005 में ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय अंपायर पैनल में शामिल किया गया था। यह उनके अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के छह वर्ष बाद हुआ था। 2008 में वह आईसीसी के अंतरराष्ट्रीय अंपायर पैनल में नियुक्त होने वाले पहले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट क्रिकेटर बने। जून 2013 में उन्हें एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ अंपायर्स में पदोन्नत किया गया।
अंपायर के रूप में उनका पहला एकदिवसीय मुकाबला फरवरी 2009 में मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। वह 2015, 2019 और 2023 के आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप में अंपायरिंग कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने 2017 और 2025 की आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी में भी अंपायर की भूमिका निभाई।
रीफेल और श्रीलंका के कुमार धर्मसेना ऐसे केवल दो अंपायर हैं, जिन्होंने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खिलाड़ी के रूप में भी हिस्सा लिया है और अंपायर के रूप में भी 90 से अधिक मुकाबलों में जिम्मेदारी निभाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे