विश्व क्रिकेट के दिग्गज विराट और रोहित के खिलाफ खेलना हमेशा खास : जेसन होल्डर
नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला अगले साल होने वाले आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप-2027 की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी। इसी श्रृंखला से भारत के घरेलू सत्र की भी शुरुआत होगी।
श्रृंखला से पहले वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने जियोस्टार से बातचीत में भारतीय कप्तान शुभमन गिल, विराट कोहली, रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को लेकर अपनी राय साझा की।
शुभमन गिल के नेतृत्व में खेलने के अनुभव पर होल्डर ने कहा, “मैंने शुभमन के नेतृत्व में खेला है। वह एक लीडर हैं। वह बहुत ज्यादा बोलने वाले व्यक्ति नहीं हैं, लेकिन जब बोलते हैं तो उनकी बात बिल्कुल स्पष्ट होती है और वह टीम से क्या चाहते हैं, इसे पूरी तरह अधिकार के साथ बताते हैं। वह एक तरह की शांति और संतुलन लेकर आते हैं, जो एक कप्तान के लिए अच्छा गुण है। मैं उनके इन गुणों का बहुत सम्मान करता हूं और जब मैंने उनके नेतृत्व में खेला तो मुझे यह बहुत पसंद आया।”
उन्होंने कहा, “वह कप्तान के रूप में अभी अपने कार्यकाल की शुरुआत में हैं और निश्चित रूप से मैदान पर सीख रहे हैं। वह अपने खिलाड़ियों से काफी उम्मीदें रखेंगे। उनके वरिष्ठ खिलाड़ियों को उनके पास आकर उनकी मदद करनी होगी। हमारे साथ भी कुछ ऐसा ही है, जहां शाई कुछ समय से इस भूमिका में हैं, लेकिन वह भी लगातार सीख रहे हैं। एक नेता और खिलाड़ी के रूप में सीखने की प्रक्रिया कभी खत्म नहीं होती। आप हमेशा बेहतर बनने के लिए ज्यादा से ज्यादा जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। शुभमन भी इससे अलग नहीं हैं। मैं उन्हें देखने और उनके खिलाफ खेलने के लिए उत्सुक हूं और दोनों टीमों के बीच अच्छा मुकाबला होने की उम्मीद है।”
यह पूछे जाने पर कि क्या शुभमन गेंदबाजों के कप्तान हैं, होल्डर ने कहा, “मुझे नहीं पता कि गेंदबाजों के कप्तान और बल्लेबाजों के कप्तान में कैसे अंतर किया जाए, लेकिन मैं कह सकता हूं कि वह गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों के साथ समान रूप से सहज और सहयोगी हैं। मैं उन्हें बताता था कि मैं क्या चाहता हूं और हम उस पर बातचीत करते थे। खासकर क्षेत्ररक्षण सजाने के मामले में उन्होंने मुझे अपनी तरह से क्षेत्ररक्षण करने और अपनी योजनाओं को लागू करने की पूरी स्वतंत्रता दी। एक कप्तान के लिए यह मजबूत गुण है।”
उन्होंने कहा, “मुझे शुभमन के साथ कभी कोई समस्या नहीं हुई। उन्होंने मुझे अपनी फील्ड सेट करने और अपनी योजनाओं को लागू करने की पूरी आजादी दी। हमारे बीच हमेशा खुला संवाद और आपसी समझ रही। मुझे उनके साथ खेलना बहुत पसंद आया और उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में भी हम साथ खेलते रहेंगे।”
विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर होल्डर ने कहा, “जब आप विराट को देखते हैं तो वह संभवतः इस खेल के अब तक के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक और सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय बल्लेबाज हैं। वह खेल के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में भी शामिल हैं। रोहित की बात करें तो उनका एकदिवसीय रिकॉर्ड शानदार है, खासकर वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए भारतीय क्रिकेट और विश्व क्रिकेट के ये दोनों दिग्गज बहुत बड़ा प्रभाव रखते हैं।”
होल्डर ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि हमारे पास उनकी तुलना में कुछ है। हमारे सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और महानतम खिलाड़ी शाई होप हैं, जिन्होंने अपने लिए शानदार प्रदर्शन किया है। मैं उन्हें भी उसी श्रेणी में रखूंगा। ये तीनों विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं और इनके रिकॉर्ड भी विश्व स्तरीय हैं। मैं तीनों को एक-दूसरे के खिलाफ खेलते देखने के लिए उत्सुक हूं। जब भी मेरा सामना विराट से होता है तो मुकाबला खास होता है। मुझे रोहित के खिलाफ खेलना भी पसंद है, क्योंकि मैं उन्हें बड़े खिलाड़ी के रूप में देखता हूं और बड़े खिलाड़ियों के खिलाफ चुनौती लेना पसंद करता हूं।”
गुजरात टाइटंस में गुरनूर बरार को करीब से देखने के अनुभव पर होल्डर ने कहा, “उसमें कई शानदार खूबियां हैं। जब मैंने पहली बार उसे दौड़कर गेंदबाजी करते देखा तो मैंने आशीष से चुपचाप पूछा था कि यह खिलाड़ी खेल क्यों नहीं रहा है। उसकी प्रगति देखकर अच्छा लग रहा है और यह भी अच्छा है कि उसे भारत के लिए खेलने का मौका मिला।”
उन्होंने कहा, “उसकी लंबाई एक ऐसी खूबी है, जिससे वह अतिरिक्त उछाल हासिल कर सकता है। उसके पास गति है और वह गेंद को स्विंग या मूव भी करा सकता है, जो आज के दौर में महत्वपूर्ण है। गति निश्चित रूप से क्रिकेट में अब भी बड़ा हथियार है, लेकिन उसके साथ कौशल भी जरूरी है। गुरनूर के पास गति के साथ कौशल भी है। तेज गेंदबाज के लिए ये मजबूत खूबियां हैं और मुझे उम्मीद है कि वह हमारे लिए चुनौती साबित होगा।”
होल्डर ने आगे कहा, “नेट्स में उसका सामना करना और उसे गेंदबाजी करते देखना काफी मनोरंजक था। मैं उसे न केवल हमारे खिलाफ खेलते देखने के लिए बल्कि एक शानदार और लंबा करियर बनाते देखने के लिए भी उत्सुक हूं।”
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेली जाएगी। सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण दोपहर 2 बजे से जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे