सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बड़ौदा टीम में हार्दिक पांड्या को जगह नहीं
नई दिल्ली, 07 नवंबर (हि.स.)। भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी का इंतजार और लंबा हो गया है। आगामी सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए घोषित बड़ौदा की 15 सदस्यीय टीम में हार्दिक को जगह नहीं मिली है। उनके भाई क्रुणाल पांड्या टीम की कप्तानी करेंगे।
हार्दिक ने आखिरी बार 24 मई को आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की ओर से मुकाबला खेला था। इसके बाद से वह चोटों के कारण क्रिकेट से दूर हैं। अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ घरेलू एकदिवसीय सीरीज के लिए उन्हें भारत ए की टीम में चुना गया था, लेकिन पिंडली में दोबारा चोट लगने के कारण उनका नाम वापस ले लिया गया। उस समय रिपोर्ट के अनुसार, गेंदबाजी करते हुए हार्दिक पूरी तरह दर्दमुक्त नहीं थे।
आईपीएल के बाद से हार्दिक ने अपना काफी समय बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बिताया है। आईपीएल के दौरान उन्हें पहले पीठ में ऐंठन की समस्या हुई और इसके बाद पैर में खिंचाव की शिकायत सामने आई। हार्दिक ने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला आईपीएल से ठीक पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में खेला था। भारतीय टीम फिलहाल न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज में व्यस्त है। इसके बाद दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ घरेलू मैदान पर टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेगी।
अगले साल अफ्रीका में होने वाले एकदिवसीय विश्व कप को देखते हुए भारतीय टीम प्रबंधन हार्दिक को जल्द से जल्द टीम में वापस देखना चाहेगा। वह सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत के प्रमुख ऑलराउंडरों में शामिल हैं। हालांकि, मुख्य कोच गौतम गंभीर पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि हार्दिक और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, लेकिन उन्हें पूरी तरह फिट हुए बिना विश्व कप में नहीं उतारा जाएगा। गंभीर ने कहा था कि दोनों खिलाड़ियों को अधूरी फिटनेस के साथ विश्व कप में ले जाने का सवाल ही नहीं उठता।
बड़ौदा की टीम में क्रुणाल पांड्या के अलावा जितेश शर्मा, दीपक हुड्डा और रसिख सलाम जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। बड़ौदा की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को मुंबई में चंडीगढ़ के खिलाफ करेगी। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का 19वां संस्करण 14 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। बड़ौदा अपने अभियान की शुरुआत चंडीगढ़ के खिलाफ करेगा। गौरतलब है कि बड़ौदा ने यह प्रतिष्ठित टी20 ट्रॉफी दो बार - 2011 और 2013 में - जीती है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के लिए बड़ौदा की टीम
क्रुणाल पांड्या (कप्तान), अतीत सेठ (उप-कप्तान), दीपक हुड्डा, शिवालिक शर्मा, शाश्वत रावत, अमित पासी (विकेटकीपर), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), भानु पनिया, महेश पिठिया, परीक्षित पाटीदार, हेमंत पुंडे, राज लिम्बानी, रसिक डार, ध्रुव बी. पटेल, सफवान पटेल
स्टैंडबाय खिलाड़ी: प्रियांशु मोलिया और चिंतन गांधी
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे