बिग बैश लीग: एंड्रयू फ्लिंटॉफ बने सिडनी थंडर के नए मुख्य कोच

 


सिडनी, 02 जून (हि.स.)। इंग्लैंड के पूर्व स्टार ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ को बिग बैश लीग (बीबीएल) फ्रेंचाइज़ी सिडनी थंडर का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। उन्होंने इस पद पर ट्रेवर बेलिस की जगह ली है।

48 वर्षीय फ्लिंटॉफ ने सिडनी थंडर के साथ दो वर्ष का अनुबंध किया है। यह उनके कोचिंग करियर का पहला विदेशी कार्यभार होगा। इससे पहले वह द हंड्रेड प्रतियोगिता में नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स के मुख्य कोच रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने हाल के वर्षों में इंग्लैंड लायंस टीम के साथ भी काम किया है और इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के सलाहकार की भूमिका भी निभाई है। फ्लिंटॉफ स्वयं भी बीबीएल में खेल चुके हैं। उन्होंने 2014-15 सीज़न में ब्रिस्बेन हीट के लिए सात मुकाबले खेले थे, जो उनके करियर का अंतिम चरण था।

नियुक्ति के बाद फ्लिंटॉफ ने फ्रेंचाइजी के हवाले से कहा, मैं सिडनी पहुंचकर काम शुरू करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। इस टीम में काफी संभावनाएं हैं। खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और फ्रेंचाइज़ी को देखकर लगता है कि यहां कुछ बड़ा हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों डेविड वॉर्नर, क्रिस ग्रीन और डेनियल सैम्स का अनुभव युवा खिलाड़ियों सैम कॉन्स्टास, मैथ्यू गिल्क्स और तनवीर संघा की प्रतिभा के साथ मिलकर टीम को मजबूत बनाएगा।

फ्लिंटॉफ की नियुक्ति के लिए पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों शेन वॉटसन और डैन क्रिश्चियन के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन अंततः सिडनी थंडर ने फ्लिंटॉफ पर भरोसा जताया। उनके पूर्ववर्ती ट्रेवर बेलिस फरवरी में पद छोड़ चुके थे। बेलिस के कार्यकाल में टीम ने छह सत्र पूरे किए, लेकिन पिछले दो बीबीएल सीज़न में सिडनी थंडर अंक तालिका में अंतिम स्थान पर रही।

सिडनी थंडर ने अपनी आधिकारिक विज्ञप्ति में फ्लिंटॉफ की नियुक्ति को क्लब के इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण ऑफ-फील्ड अधिग्रहण बताया है। टीम के महाप्रबंधक ट्रेंट कोपलैंड ने इसे सिडनी थंडर के इतिहास का बड़ा दिन करार दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे