रवांडा की 15 वर्षीय फैंनी ने रचा इतिहास, टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पर जड़ा शतक
लागोस, 21 मार्च (हि.स.)। रवांडा महिला क्रिकेट टीम की युवा बल्लेबाज फैंनी उतागुशिमानिन्डे ने इतिहास रचते हुए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू मैच पर शतक जड़ दिया। उन्होंने यह उपलब्धि नाइजीरिया इनविटेशनल महिला टी20आई टूर्नामेंट के तहत घाना के खिलाफ मैच में हासिल की।
महज 15 साल और 223 दिन की उम्र में फैंनी टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने प्रोस्कोविया अलाको का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 16 साल 233 दिन की उम्र में 116 रन बनाए थे।
वहीं पुरुष क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड गुस्ताव मॅकिऑन के नाम है, जिन्होंने 18 साल 280 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था।
ओपनिंग करते हुए फैंनी ने नाबाद 111 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 65 गेंदों पर 17 चौके शामिल रहे। इसके साथ ही उन्होंने कैरन रोल्टन के टी20आई डेब्यू पर नाबाद 96 रन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
उनकी इस बेहतरीन पारी की बदौलत रवांडा ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 210 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में घाना महिला क्रिकेट टीम की टीम 8 विकेट पर सिर्फ 88 रन ही बना सकी।
रवांडा ने यह मुकाबला 122 रनों के बड़े अंतर से जीतकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे