ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज से बाहर हुए फखर जमान और सैम अयूब, चोट के कारण नहीं होंगे उपलब्ध
लाहौर, 20 मई (हि.स.)। पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। सलामी बल्लेबाज फखर जमान और सैम अयूब चोट के कारण तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बुधवार को जानकारी दी कि दोनों खिलाड़ियों को मेडिकल पैनल की निगरानी में रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम की सलाह दी गई है। हालांकि बोर्ड ने चोट की गंभीरता और वापसी की संभावित तारीख के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 30 मई से रावलपिंडी में होगी। इसके बाद बाकी दो मुकाबले 2 और 4 जून को लाहौर में खेले जाएंगे।
फखर जमान पहले भी घुटने की पुरानी समस्या के कारण कई मुकाबले मिस कर चुके हैं। वहीं सैम अयूब के बारे में बताया जा रहा है कि पाकिस्तान सुपर लीग के दौरान उनके टखने में फिर से चोट लग गई।
सैम अयूब पिछले साल जनवरी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान फील्डिंग करते समय दाएं टखने में फ्रैक्चर का शिकार हुए थे। लंबे समय बाद उन्होंने राष्ट्रीय टीम में वापसी की थी, लेकिन पाकिस्तान सुपर लीग में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
टी20 विश्व कप के बाद बांग्लादेश दौरे पर खेली गई वनडे सीरीज में भी सैम टीम का हिस्सा नहीं थे। वहीं फखर जमान को भी उस सीरीज के लिए नहीं चुना गया था, जिसमें पाकिस्तान को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था।
दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज आखिरी बार नवंबर 2025 में श्रीलंका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में खेलते नजर आए थे।
अब ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए साहिबजादा फरहान को टीम में बनाए रखा जा सकता है। इसके अलावा बाबर आजम को भी ओपनिंग की जिम्मेदारी दिए जाने पर विचार किया जा रहा है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे