इंग्लैंड टेस्ट टीम के मुख्य कोच बने स्टीफन फ्लेमिंग, जो रूट को फिर सौंपी गई कप्तानी
लंदन, 30 जुलाई (हि.स.)। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने गुरुवार को बड़ा फैसला लेते हुए पूर्व न्यूजीलैंड कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग को इंग्लैंड पुरुष टेस्ट टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त कर दिया। इसके साथ ही अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को एक बार फिर टेस्ट टीम की कप्तानी सौंप दी गई है।
यह फैसला बेन स्टोक्स और ब्रेंडन मैकुलम के पद छोड़ने के बाद लिया गया है।
हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ 18 वर्षों का अपना सफल कोचिंग कार्यकाल समाप्त करने वाले फ्लेमिंग अब इंग्लैंड के साथ नई पारी की शुरुआत करेंगे।
खिलाड़ी के रूप में फ्लेमिंग न्यूजीलैंड के सबसे लंबे समय तक टेस्ट कप्तान रहने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे। उन्होंने 80 टेस्ट मैचों में कप्तानी की और 28 जीत के साथ न्यूजीलैंड के सबसे सफल टेस्ट कप्तान भी रहे।
हालांकि फ्लेमिंग आगामी पाकिस्तान टेस्ट श्रृंखला की शुरुआत के बाद अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। तब तक मार्कस ट्रेस्कोथिक अंतरिम मुख्य कोच के रूप में टीम के साथ बने रहेंगे।
नियुक्ति के बाद स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा, इंग्लैंड टेस्ट टीम का मुख्य कोच बनना मेरे लिए बेहद रोमांचक है। विश्व क्रिकेट में यह कोचिंग की सबसे प्रतिष्ठित जिम्मेदारियों में से एक है और इस पद के लिए चुना जाना मेरे लिए सम्मान की बात है।
उन्होंने आगे कहा, मैं विशेष रूप से कप्तान जो रूट के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं। वह अपनी पीढ़ी के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं और अब तक उन्होंने क्रिकेट में बहुत कुछ हासिल किया है।
35 वर्षीय जो रूट इंग्लैंड के लिए सबसे अधिक 65 टेस्ट मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी हैं। उनके नाम इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक 27 टेस्ट जीत दर्ज कराने का भी रिकॉर्ड है।
दोबारा कप्तान बनाए जाने पर रूट ने कहा,एक बार फिर इंग्लैंड पुरुष टेस्ट टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी मिलना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान और सौभाग्य है।
उन्होंने आगे कहा, टेस्ट टीम की कप्तानी चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन यह बेहद संतोष देने वाली जिम्मेदारी भी है। पिछले महीने ब्रेंडन मैकुलम के साथ दोबारा थोड़े समय के लिए यह भूमिका निभाने का अनुभव शानदार रहा। अब मैं खिलाड़ियों की इस नई पीढ़ी का नेतृत्व करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं।
फ्लेमिंग ने चेन्नई सुपर किंग्स के साथ लंबे और सफल कोचिंग कार्यकाल में कई आईपीएल खिताब दिलाए और दुनिया के सबसे सफल फ्रेंचाइजी कोचों में अपनी पहचान बनाई। अब उनकी चुनौती इंग्लैंड की टेस्ट टीम को नई दिशा देना होगी।
वहीं, जो रूट की कप्तानी में इंग्लैंड ने पहले भी कई यादगार जीत दर्ज की हैं। ऐसे में ईसीबी को उम्मीद है कि फ्लेमिंग और रूट की जोड़ी टीम को आगामी टेस्ट श्रृंखलाओं में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे