दिल्ली प्रीमियर लीग सीजन-3 के लिए आठों टीमें तैयार, कप्तानों ने भरी हुंकार

 




नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) द्वारा आयोजित दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) सीजन-3 के आगाज से पहले बुधवार को सभी आठ फ्रेंचाइजी के कप्तान आधिकारिक प्री-सीजन प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक साथ नजर आए। 31 जुलाई से शुरू होने वाला यह टी20 टूर्नामेंट 30 अगस्त तक चलेगा और इस बार इसे अब तक का सबसे बड़ा और सबसे प्रतिस्पर्धी संस्करण माना जा रहा है।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 31 जुलाई को अरुण जेटली स्टेडियम में सेंट्रल दिल्ली किंग्स और पुरानी दिल्ली 6 के बीच खेला जाएगा। इसके बाद एक महीने तक दिल्ली के बेहतरीन क्रिकेटरों के बीच खिताब की रोमांचक जंग देखने को मिलेगी। फाइनल मुकाबला 30 अगस्त को खेला जाएगा।

पुरानी दिल्ली 6 के नवनियुक्त कप्तान अनुज रावत ने कहा कि टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का शानदार संतुलन है। उन्होंने कहा कि घरेलू दर्शकों के सामने सकारात्मक क्रिकेट खेलना और हर मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना उनकी प्राथमिकता होगी।

साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के कप्तान आयुष बदोनी ने कहा कि डीपीएल का स्तर लगातार ऊंचा हो रहा है और सभी टीमें मजबूत नजर आ रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी टीम दमदार शुरुआत करेगी और पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करेगी।

पिछले सीजन की चैंपियन वेस्ट दिल्ली लायंस के उपकप्तान आयुष दोसेजा ने कहा कि खिताब जीतने से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है, लेकिन इस बार सभी टीमों ने अपनी ताकत बढ़ाई है, इसलिए खिताब बचाना आसान नहीं होगा।

आउटर दिल्ली वॉरियर्स के कप्तान सिद्धांत शर्मा ने कहा कि नीलामी के बाद से टीम का माहौल बेहद सकारात्मक है और सभी खिलाड़ी सीजन शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

सेंट्रल दिल्ली किंग्स के कप्तान यश धुल ने कहा कि डीपीएल दिल्ली के खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच है। उनकी टीम का लक्ष्य निडर क्रिकेट खेलते हुए पूरे टूर्नामेंट में निरंतरता बनाए रखना होगा।

ईस्ट दिल्ली राइडर्स के कप्तान मयंक रावत ने कहा कि टीम पूरी तरह तैयार है और दिल्ली के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने को लेकर सभी खिलाड़ी उत्साहित हैं।

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के कप्तान सार्थक रंजन ने कहा कि हर साल प्रतियोगिता का स्तर बेहतर हो रहा है। उनकी टीम अनुशासित और आक्रामक क्रिकेट के दम पर मजबूत चुनौती पेश करेगी।

नई दिल्ली टाइगर्स के कप्तान हिम्मत सिंह ने कहा कि डीपीएल देश की प्रमुख घरेलू टी20 लीगों में से एक बन चुकी है। सभी टीमें संतुलित हैं और दर्शकों को पूरे टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

आठों कप्तानों के आत्मविश्वास और जोश के साथ अब दिल्ली प्रीमियर लीग सीजन-3 के रोमांचक आगाज का मंच पूरी तरह तैयार है। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब 31 जुलाई को होने वाले उद्घाटन मुकाबले पर टिकी हैं, जहां सेंट्रल दिल्ली किंग्स और पुरानी दिल्ली 6 जीत के साथ अभियान शुरू करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय