डीपीएल 2026: ट्रॉफी जीतने के लिए हर खिलाड़ी का योगदान जरूरी : यश धुल
नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)।
दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के खिलाफ 210 रन का विशाल लक्ष्य हासिल करने के बाद सेंट्रल दिल्ली किंग्स के कप्तान यश धुल ने टीम के सामूहिक प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी टीम को चैंपियन बनने के लिए अलग-अलग मुकाबलों में अलग-अलग खिलाड़ियों का योगदान जरूरी होता है।
यश धुल ने कहा, हमारे लिए सबसे सकारात्मक बात यह है कि हर मैच में कोई न कोई नया खिलाड़ी आगे आकर जिम्मेदारी निभा रहा है। पिछले मैच में वंश बेदी ने शानदार प्रदर्शन किया था, जबकि आज जोंटी सिद्धू और आदित्य भंडारी ने बेहतरीन पारियां खेलीं। इससे पूरी टीम का आत्मविश्वास बढ़ता है कि हम किसी भी लक्ष्य का पीछा कर सकते हैं। ट्रॉफी जीतने के लिए अलग-अलग परिस्थितियों में अलग-अलग खिलाड़ियों का योगदान जरूरी होता है।
उन्होंने जोंटी सिद्धू और आदित्य भंडारी की मैच जिताऊ साझेदारी की भी जमकर तारीफ की। धुल ने कहा, जोंटी और आदित्य के बीच हुई साझेदारी बेहद अहम रही। हमने पिछले सीजन से ही जोंटी पर भरोसा जताया है और आज उन्होंने शानदार परिपक्वता दिखाई। शुरुआती विकेट गिरने के बाद उन्होंने पारी को बेहतरीन तरीके से संभाला। युवा खिलाड़ियों को उनकी बल्लेबाजी से काफी कुछ सीखने को मिलेगा।
मैच के हीरो रहे जोंटी सिद्धू ने कहा कि बड़ी रन-चेज़ के दौरान शांत रहना उनकी सफलता की सबसे बड़ी वजह रही।
उन्होंने कहा, मेरी योजना पूरे रन चेज़ के दौरान शांत रहने की थी। बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय अगर आप जल्दबाजी करते हैं तो मुश्किलें बढ़ जाती हैं। मैं लगातार आदित्य भंडारी से कह रहा था कि हमें हर ओवर में सिर्फ एक-दो चौकों की जरूरत है। अगर हम धैर्य बनाए रखेंगे तो मैच हमारे पक्ष में आ जाएगा। खुशी है कि हमारी योजना सफल रही।
जोंटी ने बताया कि टीम को पहले 200 से अधिक रन का सफल पीछा करने का अनुभव था, जिससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ था।
उन्होंने कहा, ड्रेसिंग रूम में ज्यादा चर्चा नहीं हुई क्योंकि हम इससे पहले भी 200 से अधिक रन का लक्ष्य हासिल कर चुके थे। हमें पूरा विश्वास था कि अगर हम अपनी प्रक्रिया पर कायम रहे तो दोबारा भी ऐसा कर सकते हैं। पूरी टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा था।
इस जीत के साथ सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने तीन मैचों में छह अंक हासिल कर अंक तालिका में पहला स्थान मजबूत कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे