सोनल दिनुषा का ऐतिहासिक कारनामा, भारत के खिलाफ दोनों पारियों में शतक लगाने वाले तीसरे श्रीलंकाई बने

 


कोलंबो, 27 अगस्त (हि.स.)। श्रीलंका के युवा बल्लेबाज सोनल दिनुषा ने भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाकर इतिहास रच दिया। दिनुषा भारत के खिलाफ टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले केवल तीसरे श्रीलंकाई बल्लेबाज बन गए हैं।

दिनुषा ने पांचवें दिन चाय तक 98 रन बना लिए थे और तीसरे सत्र की पहली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज की गेंद को मिडविकेट की दिशा में खेलकर दो रन लिए और अपना शतक पूरा किया। उन्होंने पहली पारी में भी 103 रन बनाए थे।

समाचार लिखे जाने तक श्रीलंका ने 9 विकेट पर 427 रन बना लिए हैं और 214 रन की बढ़त हासिल कर ली है, दिनुषा 131 रन बनाकर खेल रहे हैं, उनका साथ असिथा फर्नांडो दे रहे हैं, जिन्होंने अभी खाता नहीं खोला है।

इस शतक के साथ दिनुषा दो मैचों की टेस्ट सीरीज में तीन शतक लगाने वाले श्रीलंका के चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो गए। वह दो मैचों की टेस्ट सीरीज में तीन शतक लगाने वाले दुनिया के नौवें बल्लेबाज हैं।

भारत के खिलाफ दोनों पारियों में शतक

दिनुषा भारत के खिलाफ टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले 12वें बल्लेबाज भी बने। श्रीलंका की ओर से उनसे पहले यह उपलब्धि दिलीप मेंडिस और अरविंदा डी सिल्वा ने हासिल की थी।

दिलीप मेंडिस — 105 और 105, चेन्नई, 1982

अरविंदा डी सिल्वा — 146 और 120, कोलंबो, 1997

सोनल दिनुषा — 103 और 100*, कोलंबो, 2026

दिनुषा का प्रदर्शन इसलिए भी खास है, क्योंकि जनवरी 2015 के बाद भारत के खिलाफ टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले वह केवल दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो ने 2022 में एजबेस्टन टेस्ट में 106 और नाबाद 114 रन बनाए थे।

दो मैचों की सीरीज में तीन शतक लगाने वालों में शामिल

दिनुषा दो मैचों की टेस्ट सीरीज में तीन शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की विशेष सूची में भी शामिल हो गए हैं। उनसे पहले अरविंदा डी सिल्वा, जैक्स कैलिस, हाशिम अमला, कुमार संगकारा, यूनिस खान, मार्नस लाबुशेन और केन विलियमसन यह कारनामा कर चुके हैं।

श्रीलंका के आठवें बल्लेबाज

दिनुषा टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले श्रीलंका के आठवें बल्लेबाज भी बन गए हैं। अरविंदा डी सिल्वा और कुमार संगकारा ने यह उपलब्धि दो-दो बार हासिल की है। इनके अलावा दलीप मेंडिस, असांका गुरुसिंहा, तिलकरत्ने दिलशान, धनंजय डी सिल्वा और कामिंदु मेंडिस भी इस सूची में शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे