धनंजय डी सिल्वा ने तत्काल प्रभाव से श्रीलंका की टेस्ट कप्तानी छोड़ी

 


कोलंबो, 08 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीलंका के अनुभवी बल्लेबाज धनंजय डी सिल्वा ने तत्काल प्रभाव से श्रीलंका की टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ दी है। डी सिल्वा ने जनवरी, 2024 में श्रीलंका की टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली थी।

श्रीलंकन क्रिकेट बोर्ड के अनुसार श्रीलंका क्रिकेट की चयन समिति को लिखे पत्र में डी सिल्वा ने कहा कि अब यह जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपने का समय आ गया है। उन्होंने कहा, “मेरी ईमानदार राय है कि अब यह जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंप दी जानी चाहिए।”

श्रीलंका क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एश्ले डी सिल्वा ने टेस्ट क्रिकेट में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। एश्ले डी सिल्वा ने कहा, “श्रीलंका क्रिकेट उनके करियर के शेष हिस्से के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता है और हमारी टेस्ट टीम को दिए गए उनके नेतृत्व के लिए धन्यवाद करता है।”

डी सिल्वा ने कप्तान के रूप में श्रीलंका को 18 टेस्ट में नेतृत्व किया, जिसमें टीम ने सात मुकाबलों में जीत हासिल की। इस दौरान उन्होंने 36.45 की औसत से 1130 रन बनाए और 44.44 की गेंदबाजी औसत से नौ विकेट लिए। उनके नेतृत्व में श्रीलंका ने सात टेस्ट जीते, आठ हारे और तीन मुकाबले ड्रॉ रहे। कप्तान के रूप में डी सिल्वा का सबसे सफल वर्ष 2024 रहा। उस वर्ष श्रीलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट की श्रृंखला 2-0 से जीती। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला 1-2 से गंवाने के बावजूद द ओवल में जीत दर्ज की और घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड को 2-0 से हराया।

डी सिल्वा ने ऐसे समय कप्तानी छोड़ी है, जब श्रीलंका की टेस्ट टीम का प्रदर्शन मिश्रित रहा है। टीम को इस वर्ष वेस्टइंडीज और भारत के खिलाफ खेली गई दोनों टेस्ट श्रृंखलाओं में 0-1 से हार का सामना करना पड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे