विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए दिल्ली की अंडर-16 टीम घोषित, पार्थ डबास को कप्तानी

 




नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)।

दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने विजय मर्चेंट ट्रॉफी 2026-27 में मुंबई के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए दिल्ली की 16 सदस्यीय पुरुष अंडर-16 टीम की घोषणा कर दी है। यह मुकाबला 25 नवंबर 2026 से ग्वालियर में खेला जाएगा।

जूनियर पुरुष चयन समिति ने 23 नवंबर को डीडीसीए परिसर में हुई बैठक में टीम को अंतिम रूप दिया। पार्थ डबास को टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि युविश सिंह उपकप्तान और विकेटकीपर की जिम्मेदारी संभालेंगे। रिवान वीर भयाना को भी टीम में विकेटकीपर के रूप में शामिल किया गया है।

दिल्ली की टीम में पार्थ डबास (कप्तान), युविश सिंह (उपकप्तान एवं विकेटकीपर), सक्षम यादव, शिवांश सिंह, आरुष यादव, अर्णव शर्मा, रिवान वीर भयाना (विकेटकीपर), क्षितिज सेहरा, वेदांत गुप्ता, शौर्य चांदना, मनन माथुर, प्रणय शर्मा, अहान गर्ग, गीतांक लखेड़ा, यश माहेश्वरी और नैतिक सिंह को शामिल किया गया है।

चयन समिति की बैठक में अध्यक्ष मयंक सिडाना, चयनकर्ता अभिषेक शर्मा और योगेश नागर, डीडीसीए की क्रिकेट सलाहकार समिति के सदस्य रॉबिन सिंह जूनियर, मुख्य कोच राजू शर्मा और सचिव अशोक शर्मा उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे